रानी तालाब की टूटी ग्रिलों का मामला सीएम विंडो तक पहुंचा
जींद शहर के ऐतिहासिक व धार्मिक महत्व वाले रानी तालाब मंदिर की क्षतिग्रस्त कंक्रीट ग्रिलों का मामला अब सीएम विंडो तक पहुंच गया है। अखिल भारतीय अग्रवाल समाज हरियाणा के प्रदेश अध्यक्ष एवं समाजसेवी राजकुमार गोयल ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा...
जींद शहर के ऐतिहासिक व धार्मिक महत्व वाले रानी तालाब मंदिर की क्षतिग्रस्त कंक्रीट ग्रिलों का मामला अब सीएम विंडो तक पहुंच गया है। अखिल भारतीय अग्रवाल समाज हरियाणा के प्रदेश अध्यक्ष एवं समाजसेवी राजकुमार गोयल ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर जल्द कार्रवाई की मांग की है।
उन्होंने पत्र में कहा कि परिक्रमा मार्ग पर लगी कंक्रीट ग्रिलें कई स्थानों से पूरी तरह टूट चुकी हैं, जिससे यहां आने वाले श्रद्धालुओं के लिए खतरा बढ़ गया है। प्रतिदिन बड़ी संख्या में महिलाएं, बुजुर्ग और बच्चे मंदिर में दर्शन के लिए आते हैं, लेकिन टूटी ग्रिलों के कारण परिक्रमा करना जोखिम भरा हो गया है।
गोयल ने चेतावनी दी कि ग्रिलों की स्थिति ऐसी है कि कोई भी श्रद्धालु फिसलकर सीधे गहरे तालाब में गिर सकता है, जिससे बड़ा हादसा हो सकता है। उन्होंने बताया कि इस संबंध में जींद के उपायुक्त को भी अवगत कराया गया था और विभाग को निर्देश भी दिए गए थे, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
दो साल बाद फिर वही स्थिति
पत्र में उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि करीब दो वर्ष पहले भी इसी तरह की समस्या सामने आई थी, जिसे सीएम विंडो के हस्तक्षेप के बाद ठीक कराया गया था। अब फिर वही हालात बन गए हैं। उन्होंने मांग की कि टूटी ग्रिलों को जल्द बदला जाए और स्थायी समाधान किया जाए, साथ ही यह जांच भी करवाई जाए कि ग्रिलें बार-बार क्यों क्षतिग्रस्त हो रही हैं, ताकि भविष्य में ऐसी स्थिति दोबारा न बने।
