पंचायत में परिजनों ने शव के अंतिम संस्कार से किया इनकार
गैंगरेप के बाद छात्रा की हत्या मामले में आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग
चरखी दादरी क्षेत्र की दसवीं की छात्रा की कथित गैंगरेप के बाद हत्या के मामले ने तूल पकड़ लिया है। इस मामले में हुई पंचायत में परिजनों ने साफ कहा है कि जब तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हो जाती, तब तक शव का अंतिम संस्कार नहीं करेंगे। दादरी पुलिस ने इस संबंध मंे मामला दर्ज कर रखा है और अलग-अलग 3 टीम जांच पड़ताल में जुटी है। दादरी क्षेत्र निवासी दसवीं की छात्रा की गैंगरेप के बाद हत्या के मामले में रोहतक पोस्टमार्टम हाउस के बाहर पंचायत हुई।पंचायत में परिजनों ने कहा कि पहले आरोपियों की गिरफ्तार किया जाए। बताया जा रहा है कि छात्रा के साथ गैंगरेप हुआ है और उसे इस दौरान नशीला पदार्थ दिया गया था। जांच में यह बात भी सामने आई है कि छात्रा को उसकी सहेली घर से लेकर गई थी और इसके बाद उसके साथ यह घटना हुई है। घटना वाले दिन छात्रा एक पार्क में बेसुध मिली थी और परिजनों ने उसे सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया था और बाद में स्थिति गंभीर होने के चलते उसे पीजीआई रैफर किया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई थी। पुलिस मामले की गहनता से छानबीन कर रही है।
इंटक, दलित संगठनों ने किया प्रदर्शन
चरखी दादरी (हप्र) : आरोपियों को गिरफ्तारी करने की मांग को लेकर इंडियन नेशनल ट्रेड यूनियन कांग्रेस (इंटक) और दलित समाज के लोगों ने प्रदर्शन किया। उन्होंने एसडीएम को सीएम के नाम ज्ञापन सौंपा और 24 घंटे में आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने पर सड़क जाम की चेतावनी दी है। इंटक के प्रदेश अध्यक्ष अमित यादव तथा कांग्रेस के जिलाध्यक्ष सुधील धानक की अगुवाई में शुक्रवार को प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान वक्ताओं ने घटना को अत्यंत निंदनीय बताते हुए कहा कि एक नाबालिग छात्रा के साथ हुई इस जघन्य वारदात ने कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। दोषियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर सख्त सजा दिलाई जाए। प्रशासन ने प्रतिनिधिमंडल को 24 घंटे के भीतर कार्रवाई का आश्वासन दिया, लेकिन साथ ही यह भी स्पष्ट किया कि यदि तय समयसीमा में गिरफ्तारी नहीं हुई तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।

