नूंह जिले के थाना रोजका मेव क्षेत्र के गांव रेवासन के पास केएमपी एक्सप्रेस-वे के निकट मिट्टी में दबा एक अज्ञात व्यक्ति का शव बरामद हुआ है। शव सड़ी-गली अवस्था में मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
सूचना मिलते ही थाना रोजका मेव प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। डीएसपी पृथ्वी सिंह के अनुसार शव काफी समय से मिट्टी में दबा प्रतीत हो रहा है, जिसके कारण अब तक उसकी शिनाख्त नहीं हो सकी है। मृतक की उम्र लगभग 35 वर्ष आंकी जा रही है।
मौके पर फॉरेंसिक टीम को बुलाकर साक्ष्य जुटाए गए। शव को पोस्टमार्टम के लिए शहीद हसन खां मेडिकल कॉलेज नल्हड भेजा गया है, ताकि मौत के कारणों का पता लगाया जा सके। पोस्टमार्टम के बाद शव को पहचान के लिए मोर्चरी में रखवाया गया है।
पुलिस को शव के पास से एक काला कोट और टोपी भी मिली है। शुरुआती जांच में हत्या की आशंका जताई जा रही है, हालांकि पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पहचान होने के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो पाएगी।
नूंह पुलिस ने आसपास के क्षेत्रों में पूछताछ शुरू कर दी है और आमजन से मृतक की पहचान में सहयोग की अपील की है। मामले की गहन जांच जारी है।

