नयी अनाज मंडी में चल रहे पुनर्निर्माण कार्य की सुस्त रफ्तार को देखते हुए मार्केटिंग बोर्ड ने संबंधित एजेंसी पर 5 फीसदी जुर्माना लगाया है। साथ ही बोर्ड ने एजेंसी को काम की रफ्तार तेज कर निर्धारित समय सीमा में काम पूरा करने के निर्देश दिए हैं। गौर हो कि नयी अनाज मंडी में प्लेटफार्म, सर्विस रोड, पेयजल पाइपलाइन और पार्किंग के पुनर्निर्माण का काम कराया जा रहा है। इस पूरे प्रोजेक्ट पर करीब 3.12 करोड़ रुपये खर्च किए जाने हैं। मार्केटिंग बोर्ड की ओर से शुरू कराया गया यह कार्य दिसंबर तक पूरा किया जाना है। धान का सीजन शुरू होने से पहले काम शुरू कर दिया गया था, लेकिन गति धीमी रहने के कारण मंडी में व्यवस्थाएं प्रभावित हो रही हैं। मंडी में सर्विस रोड का काम अधूरा होने के कारण धान लेकर पहुंचने वाले किसानों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। जर्जर और अधूरी के कारण वाहनों की आवाजाही भी प्रभावित हो रही है। धान के सीजन में मंडी में किसानों और वाहनों की संख्या बढऩे से समस्या और बढ़ गई है। बोर्ड अधिकारियों के अनुसार अनुबंध की समय-सारिणी के हिसाब से अब तक 75 फीसदी कार्य पूरा होना था। इसके विपरीत केवल 25 फीसदी काम ही हो पाया है। ऐसे में समय पर प्रोजेक्ट पूरा करने को लेकर एजेंसी की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं। मंडी की सर्विस रोड पर बिटुमिन की एक परत बिछाई जानी है। निर्माण एजेंसी की माने तो इसके लिए आवश्यक तारकोल उपलब्ध नहीं होने के कारण सडक़ का पुनर्निर्माण कार्य फिलहाल रुका हुआ है। मार्केटिंग बोर्ड के अधिकारियों के अनुसार तारकोल की उपलब्धता के लिए मुख्यालय को मांग भेजी गई है। सामग्री मिलते ही सडक़ का काम दोबारा शुरू कराया जाएगा।
+
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement
×

