सप्लीमेंट्री छात्रों को एक माह में दोबारा मिलेगा परीक्षा का अवसर : डॉ. पवन शर्मा
सेल्फ फाइनेंस प्राइवेट कॉलेज एसोसिएशन ने किया अभिनंदन
हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड भिवानी के नवनियुक्त चेयरमैन डा. पवन शर्मा के दूसरी बार पदभार ग्रहण करने पर हरियाणा सेल्फ फाइनेंस प्राइवेट कॉलेज एसोसिएशन की ओर से स्वागत किया गया। एसोसिएशन का एक प्रतिनिधिमंडल प्रदेशाध्यक्ष सतीश खोला के नेतृत्व में बोर्ड के भिवानी स्थित कार्यालय में डाॅ. शर्मा से मिला।
डाॅ. पवन शर्मा ने कहा कि बोर्ड विद्यार्थियों के हितों को ध्यान में रखते हुए लगातार सुधार की दिशा में कार्य कर रहा है। यदि किसी विद्यार्थी को परीक्षा में सप्लीमेंट्री आती है तो उसे एक माह के भीतर दोबारा परीक्षा देने का अवसर दिया जाएगा, ताकि किसी भी छात्र का पूरा वर्ष खराब न हो। उन्होंने कहा कि शिक्षा की गुणवत्ता को बेहतर बनाना और विद्यार्थियों को अधिक से अधिक अवसर प्रदान करना ही बोर्ड की प्राथमिकता है। इस दौरान शिक्षा से जुड़े कई महत्वपूर्ण विषयों पर भी चर्चा की गई।
अध्यक्ष सतीश खोला ने कहा कि डाॅ. पवन शर्मा का दूसरी बार चेयरमैन नियुक्त होना शिक्षा जगत के लिए गर्व की बात है। उनके अनुभव और दूरदर्शी नेतृत्व में बोर्ड नई ऊंचाइयों को प्राप्त करेगा।

