पार्क में बेहोश मिली छात्रा की पीजीआई में मौत
परिजनों ने नशीला पदार्थ पिलाकर सामूहिक दुष्कर्म का लगाया आरोप
बाढड़ा थाना क्षेत्र के अंर्तगत गांव निवासी 16 वर्षीय छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजनों ने कुछ युवकों पर छात्रा को नशीला पदार्थ पिलाने और उससे सामूहिक दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 24 फरवरी की सुबह छात्रा स्कूल जाने के लिए घर से निकली थी। उसी दिन दोपहर परिजनों को सूचना मिली कि छात्रा की तबीयत अचानक बिगड़ गई है। छात्रा को पहले सामान्य अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से गंभीर हालत के चलते उसे रोहतक पीजीआई रेफर किया गया। उपचार के दौरान डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित
कर दिया। परिजनों का आरोप है कि छात्रा को शहर के हाथी पार्क क्षेत्र में बेहोशी की हालत में पाया गया था। परिजनों के अनुसार छात्रा की एक सहेली उसे बहला-फुसलाकर दादरी लाई, जहां चार युवकों ने उसके साथ दुष्कर्म किया और जहरीला पदार्थ खिलाया। रोहतक पीजीआई में डॉक्टरों के बोर्ड से पोस्टमार्टम कराया गया है। पूर्व सरपंच ने बताया कि परिजनों ने आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी और निष्पक्ष जांच की मांग की है।

