स्पार्क मिंडा ने जीती 19वीं मानव रचना कॉर्पोरेट क्रिकेट चैलेंज-2026 ट्रॉफी
स्पार्क मिंडा ने फाइनल मैच में आज तक की टीम को 49 रन से हराकर 19वें मानव रचना कॉर्पोरेट क्रिकेट चैलेंज-2026 का खिताब जीत लिया। हाई-स्कोरिंग मैच मानव रचना क्रिकेट ग्राउंड में खेला गया। विजेता खिलाड़ियों को हरियाणा के खेल मंत्री...
स्पार्क मिंडा ने फाइनल मैच में आज तक की टीम को 49 रन से हराकर 19वें मानव रचना कॉर्पोरेट क्रिकेट चैलेंज-2026 का खिताब जीत लिया। हाई-स्कोरिंग मैच मानव रचना क्रिकेट ग्राउंड में खेला गया। विजेता खिलाड़ियों को हरियाणा के खेल मंत्री गौरव गौतम ने पुरस्कार देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर मानव रचना शैक्षिक संस्थान के अध्यक्ष डॉ. प्रशांत भल्ला, उपाध्यक्ष डॉ.अमित भल्ला, संस्थान के निदेशक खेल सरकार तलवार मौजूद रहे। इस टूर्नामेंट की शुरुआत जनवरी में हुई थी और इसमें मारुति सुजुकी, होंडा, हीरो मोटोकॉर्प, सोनी इंडिया, इंडियन ऑयल, टीसीएस और एडिडास जैसे कई बड़े कॉर्पोरेट्स ने हिस्सा लिया। यह टूर्नामेंट शिक्षा और उद्योग के बीच सहयोग को दर्शाता है। फाइनल मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए स्पार्क मिंडा ने 20 ओवर में 311 का मजबूत स्कोर बनाया। अमेया सिंह ने 39 गेंदों में शानदार 114 रन बनाए, जबकि अंकुर धांकर ने 43 गेंदों में 107 रन जोडक़र टीम का दम बढ़ाया। जवाब में आज तक की टीम 19.4 ओवर में 262 रन पर ऑल आउट हो गई, हालांकि काशिफ ने 129 रन की मेहनती पारी खेली। इस अवसर पर खिलाड़ियों एवं दर्शकों को सम्बोधित करते प्रदेश के खेल मंत्री गौरव गौतम ने कहा कि खेल हमारे जीवन में शक्ति और संतुलन बढ़ाने की क्षमता रखते हैं। हमारी रोजमर्रा की जिम्मेदारियों के बीच खेल हमें मजबूत और फोकस्ड रहने में मदद करते हैं। मानव रचना शैक्षिक संस्थान के अध्यक्ष डॉ. प्रशांत भल्ला ने कहा कि कॉर्पोरेट क्रिकेट टूर्नामेंट इस विश्वास को दर्शाता है कि शिक्षा और उद्योग को सांझा उद्देश्य के साथ मिलकर काम करना चाहिए। खेल मंत्री गौतम ने स्पार्क मिंडा को विजेता ट्रॉफी, आज तक को उपविजेता ट्रॉफी, एकॉर्ड अस्पताल को फेयर प्ले ट्रॉफी के अलावा मैन ऑफ द मैच फाइनल अमेया सिंह स्पार्क मिंडा, बेस्ट बैट्समैन अली अदनान आज तक को, बेस्ट बॉलर फहाद आज तक को, बेस्ट फील्डर शांतनु सिंह स्पार्क मिंडा को, प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट विक्रांत गुप्ता आज तक को भेंट की।

