कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व विधायक सुखबीर फरमाणा ने कहा कि इन दिनों खेतों और मंडियों में किसानों की फसल की बेकद्री हो रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने समर्थन मूल्य में कोई खास बढ़ोतरी नहीं की, जिससे किसान पहले ही मायूस हैं, वहीं अब मंडियों से समय पर उठान का असर किसानों की पेमेंट में देरी के रूप में हो रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार इस ओर ध्यान दें अन्यथा सडक़ों पर उतरने में गुरेज नहीं करेंगे।रविवार को फरमाणा स्थित खरीद केंद्र पर पहुंचे पूर्व विधायक ने किसानों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने कहा कि किसान पूरे साल मेहनत कर फसल तैयार करता है, लेकिन जब उसे उचित मूल्य और समय पर खरीद नहीं मिलती तो उसकी मेहनत पर पानी फिर जाता है। मंडियों में फसल का ढ़ेर लग रहा है और उठान में देरी के कारण किसानों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।उन्होंने सरकार से मांग की कि खरीद प्रक्रिया को तेज किया जाए और फसल का समय पर उठान सुनिश्चित किया जाए ताकि किसानों को राहत मिल सके। साथ ही कहा कि इस मामले को लेकर अब वो चुप नहीं बैठेंगे। इस दौरान भोला पहलवान, सत्ते आढ़ती, काला फरमाणा व अंशुल सहित अन्य लोग मौजूद रहे।