Tribune
PT
Subscribe To Print Edition About the Dainik Tribune Code Of Ethics Advertise with us Classifieds Download App
search-icon-img
Advertisement

सोनीपत : 50 हजार की रिश्वत लेते कृषि उपनिदेशक गिरफ्तार

थोक उर्वरक लाइसेंस देने के लिए मांगे एक लाख

  • fb
  • twitter
  • whatsapp
  • whatsapp
featured-img featured-img
सोनीपत के कृषि उपनिदेशक डॉ. पवन शर्मा को गिरफ्तार करके स्थानीय कार्यालय लाती भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो की टीम। -हप्र
Advertisement

लघु सचिवालय परिसर स्थित कार्यालय से रंगे हाथ किया गिरफ्तार

पहले ले चुका था 50 हजार, अब शेष राशि लेते दबोचा

भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो, रोहतक की टीम ने बुधवार शाम को सोनीपत के कृषि उपनिदेशक डॉ. पवन शर्मा को 50 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। उस पर थोक उर्वरक लाइसेंस जारी करने के बदले एक लाख रुपये की मांग का आरोप था। आरोप है कि वह पहले ही आधी रकम ले चुका था। कृषि विभाग के आला अधिकारी की गिरफ्तारी से हड़कंप मच गया।

Advertisement

एसीबी प्रवक्ता के अनुसार गांव जांटी कलां निवासी राजकुमार ने शिकायत दी थी कि थोक उर्वरक का लाइसेंस जारी करने के बदले कृषि उपनिदेशक ने उनसे एक लाख रुपये की रिश्वत मांगी थी। कृषि उपनिदेशक पहले ही 50 हजार रुपये ले चुका था और बाकी रुपये के लिए लगातार दबाव बना रहा था। प्रारंभिक जांच में आरोप सही पाए जाने पर ब्यूरो की टीम ने जाल बिछाया। प्राथमिकी दर्ज करने के बाद टीम ने कार्रवाई के लिए रोहतक के आरटीए को ड्यूटी मजिस्ट्रेट नियुक्त किया था, जबकि डीएसपी सोमबीर और निरीक्षक भगत सिंह के नेतृत्व में टीम ने पूरे ऑपरेशन को अंजाम दिया।

Advertisement

निरीक्षक भगत सिंह के नेतृत्व में टीम ने बुधवार को कार्रवाई करते हुए आरोपी डॉ. पवन शर्मा को लघु सचिवालय परिसर स्थित उसके कार्यालय से 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते ही काबू कर लिया। फिलहाल आरोपी से गहन पूछताछ की जा रही है और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच जारी है। टीम मामले में अन्य की भूमिका का भी पता लगा रही है। टीम आरोपी को अदालत में पेश कर रिमांड पर लेने का प्रयास करेगी।

प्रदेश सरकार की भ्रष्टाचार विरोधी नीति के तहत रिश्वत लेने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जा रही है। प्रदेश में जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत भ्रष्टाचार के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा।

-एएस चावला, राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो के प्रमुख हरियाणा

Advertisement
×