सामाजिक सद्भाव, भाईचारे से दिया जाएगा बांटने की राजनीति का जवाब
फरीदाबाद से शुरू होगा पदयात्रा का तीसरा चरण, बीरेंद्र सिंह बोले
पूर्व केंद्रीय मंत्री बीरेंद्र सिंह ने भाजपा पर तीखा हमला बोला और कहा कि कहा कि भाजपा ने राजनीतिक स्वार्थ के लिए हरियाणा में समाज को तोड़ने का काम किया है। गांव-देहात में भाजपा का जनाधार नहीं होने के कारण उसने धर्म के बाद अब जाति के आधार पर समाज को बांटने की नीति अपनाई है। इस तरह की राजनीति का जवाब केवल सामाजिक सदभाव और भाईचारे के जरिए ही दिया जा सकता है और यह जिम्मेदारी कांग्रेस निभाएगी। फरीदाबाद की छह विधानसभा में सदभाव पदयात्रा को लेकर बीरेंद्र सिंह कांग्रेस कार्यकर्ताओं को निमंत्रण देने रविवार को जिला कांग्रेस कमेटी के कार्यालय सेक्टर-9 पहुंचे और यह बात कही। यहां उन्होंने कांग्रेस जिलाध्यक्ष बलजीत कौशिक सहित पूरी टीम को सदभाव यात्रा का निमंत्रण दिया। इस मौके पर जिलाध्यक्ष बलजीत कौशिक व उनकी टीम ने बीरेंद्र सिंह का पगड़ी बांधकर व शॉल ओढ़ाकर स्वागत किया।
इस दौरान बीरेंद्र सिंह ने पदयात्रा को लेकर बातचीत की और इसके उद्देश्य तथा कार्यक्रम की रूपरेखा सांझा की। बीरेंद्र सिंह ने बताया कि प्रदेश की 90 विधानसभा सीटों में चार चरणों में सदभाव पदयात्रा निकाली जा रही है, 33 विधानसभाओं में यात्रा पूरी हो चुकी है, जिसका तीसरा चरण फरीदाबाद से शुरू होगा। यह पदयात्रा फरीदाबाद की 6 विधानसभा क्षेत्रों से होकर गुजरेगी। उन्होंने जानकारी दी कि सदभाव पदयात्रा 10 जनवरी को फरीदाबाद पहुंचेगी और लगातार 10 दिनों तक छह विधानसभा क्षेत्रों में रहेगी। उन्होंने कहा कि यात्रा में कांग्रेस कार्यकर्ता और आम नागरिक बड़ी संख्या में इसमें भाग लेंगे। उन्होंने कहा कि बीते कुछ वर्षों में राजनीतिक लाभ के लिए समाज के भाईचारे को कमजोर करने की योजनाबद्ध कोशिशें की गई हैं। वोट बैंक की राजनीति के तहत समाज को बांटने का काम हुआ है। चौधरी बीरेंद्र सिंह ने स्पष्ट किया कि जब तक इस सोच का जवाब सामाजिक स्तर पर नहीं दिया जाएगा, तब तक समाज में स्थायी शांति और सदभाव संभव नहीं है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ही एकमात्र ऐसी पार्टी है जो समाज को जोड़ने और भाईचारे को मजबूत करने की क्षमता रखती है।

