सूरजकुंड हादसे में एसआईटी को सफलता, झूले का मालिक गिरफ्तार
सूरजकुंड अंतर्राष्ट्रीय हस्तशिल्प मेले के दौरान 7 फरवरी को सुनामी झूला टूटने से हुए हादसे की जांच में एसआइटी ने झूले के मालिक मेरठ निवासी शुभम गुप्ता को गिरफ्तार कर लिया है। इस मामले में अब तक झूला एजेंसी मालिक...
सूरजकुंड अंतर्राष्ट्रीय हस्तशिल्प मेले के दौरान 7 फरवरी को सुनामी झूला टूटने से हुए हादसे की जांच में एसआइटी ने झूले के मालिक मेरठ निवासी शुभम गुप्ता को गिरफ्तार कर लिया है। इस मामले में अब तक झूला एजेंसी मालिक मोहम्मद शाकिर, मैनेजर नितेश व झूला ऑपरेटर अदनान सहित 4 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
गौरतलब है कि सूरजकुंड मेले के दौरान हुए इस हादसे में पुलिस इंस्पेक्टर जगदीश प्रसाद की मौत हो गई थी, जबकि 12 लोग घायल हुए थे। मामले की जांच के लिए पुलिस आयुक्त ने एसआइटी गठित की थी। हादसे के बाद झूला एजेंसी के मालिक व संचालकों के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया थाए जिसे बाद में लापरवाही से मौत में तब्दील कर दिया गया है। एसआइटी इस मामले में अदालत में चालान पेश कर चुकी है। शुभम गुप्ता से पूछताछ के बाद सप्लीमेंट्री चालान पेश किया जाएगा। एसआइटी सूत्रों ने बताया कि झूले के मुख्य मालिक मेरठ निवासी शुभम गुप्ता को जांच में शामिल होने के लिए कई नोटिस दिए गए थे, मगर वह जांच में शामिल नहीं हो रहा था, अब उसे गिरफ्तार किया गया है। एसआइटी के अनुसार मेरठ सदर कैंट निवासी शुभम गुप्ता ने खतौली निवासी रहीस खान से 40 लाख रुपये में यह झूला बनवाया था। शुभम गुप्ता झूले बनवाकर लोगों को किराये पर देता है। पर्यटन विभाग से टेंडर हासिल करने वाले ठेकेदार मोहम्मद शाकिर के साथ गिरफ्तार हुआ नितेश कुमार शुभम गुप्ता के लिए मैनेजर का काम करता था। टेंडर हासिल करने के बाद ठेकेदार मोहम्मद शाकिर ने नितेश कुमार से ही संपर्क किया था। नितेश ने ही शुभम गुप्ता से बात कर झूले का इंतजाम किया था। उनके बीच डील हुई थी झूले की टिकट बिक्री से आने वाली राशि में से 60 फीसद हिस्सा ठेकेदार मोहम्मद शाकिर का होगा, वहीं 40 फीसद हिस्सा शुभम गुप्ता का होगा। बिना किसी मैन्युफैक्चरिंग सर्टिफिकेट, फिटनेस जांच या एनओसी के झूला मेले में लगा दिया गया था, इसलिए मालिक को गिरफ्तार किया गया है।

