Shikhar Dhawan : क्रिकेट के 'गब्बर' की नई पारी पर कानूनी मुहर : पत्नी सोफी शाइन संग गुरुग्राम में रजिस्टर्ड कराई शादी
69 करोड़ रुपये के आशियाने में बसने से पहले विकास सदन पहुंचे शिखर धवन, सगाई से शादी तक की चर्चाओं के बीच पूरी की औपचारिकता
Shikhar Dhawan : मैदान पर अपनी बल्लेबाजी से विरोधियों के छक्के छुड़ाने वाले 'गब्बर' यानी शिखर धवन अब अपनी वैवाहिक पारी को कानूनी जामा पहना चुके हैं। बुधवार को पूर्व भारतीय क्रिकेटर शिखर धवन ने गुरुग्राम के विकास सदन पहुंचकर अपनी शादी का आधिकारिक पंजीकरण (रजिस्ट्रेशन) कराया। इस मौके पर उनके साथ उनकी पत्नी सोफी शाइन भी मौजूद रहीं। दोनों ने मैरिज रजिस्ट्रार के समक्ष दस्तावेजों पर हस्ताक्षर कर अपनी शादी को कानूनी रूप से दर्ज कराया।
विकास सदन में दिखा सादगी भरा अंदाज
पंजीकरण के दौरान शिखर धवन और सोफी शाइन बेहद सादगी भरे अंदाज में नजर आए। जहां शिखर ने डार्क ब्लू रंग की टी-शर्ट पहनी थी, वहीं सोफी लाइट स्काई ब्लू कलर के टॉप में काफी शालीन लग रही थीं। मैरिज क्लर्क के कार्यालय में औपचारिकताएं पूरी करने के बाद शिखर ने वहां मौजूद लोगों से गर्मजोशी के साथ मुलाकात की और प्रशंसकों के साथ फोटो भी खिंचवाए। इस दौरान धवन के परिवार के सदस्य और उनके पुरोहित भी उनके साथ रहे।
सगाई से शादी तक का रोमांच
शिखर धवन और सोफी शाइन के रिश्तों की चर्चा इस साल की शुरुआत से ही गर्म थी। शिखर ने 12 जनवरी को अपनी आयरिश गर्लफ्रेंड सोफी के साथ सगाई की घोषणा की थी, जिसके बाद 21 फरवरी को दोनों परिणय सूत्र में बंधे थे। उनकी शादी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुआ था, जिसमें भारतीय लेग स्पिनर युजवेंद्र चहल 'मौजा ही मौजा' गाने पर थिरकते हुए अपनी खुशी का इजहार कर रहे थे। आज शादी के करीब ढाई महीने बाद इस जोड़ी ने अपनी शादी का कानूनी पंजीकरण भी पूरा कर लिया है।
69 करोड़ के लक्जरी अपार्टमेंट में बसेंगे 'गब्बर'
शिखर धवन ने अब स्थाई रूप से गुरुग्राम को ही अपना ठिकाना बनाने का फैसला किया है। इसके लिए उन्होंने फरवरी 2025 में एक बड़ा निवेश किया था। उन्होंने गुरुग्राम के सबसे पॉश इलाके गोल्फ कोर्स रोड (सेक्टर 54) पर स्थित डीएलएफ के अल्ट्रा-लक्जरी प्रोजेक्ट 'द डाहलियास' में एक शानदार अपार्टमेंट खरीदा है। इस अपार्टमेंट की कीमत करीब 69 करोड़ रुपये बताई जा रही है। शादी के पंजीकरण के बाद माना जा रहा है कि यह जोड़ा जल्द ही अपने इस नए और आलीशान आशियाने में शिफ्ट होगा।

