सोनीपत में 22 करोड़ से कई वार्ड होंगे चकाचक
ऋषि कॉलोनी में 9 करोड़ से अटल के नाम पर बनेगा थीम पार्क विधायक मदान और मेयर जैन ने किया विकास कार्यों का शुभारंभ विधायक निखिल मदान और मेयर राजीव जैन ने बुधवार को नगर निगम क्षेत्र के विभिन्न वार्डों...
ऋषि कॉलोनी में 9 करोड़ से अटल के नाम पर बनेगा थीम पार्क
विधायक मदान और मेयर जैन ने किया विकास कार्यों का शुभारंभ
विधायक निखिल मदान और मेयर राजीव जैन ने बुधवार को नगर निगम क्षेत्र के विभिन्न वार्डों में करीब 22 करोड़ रुपये की परियोजना का शुभारंभ किया। उन्होंने संयुक्त रूप से कहा कि इन परियोजनाओं के पूरा होने के बाद कई वार्डों की अनेक समस्याओं का समाधान होगा।
विधायक मदान और मेयर जैन ने वार्ड-1 की ऋषि कॉलोनी में 14 एकड़ में 9 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले विशाल थीम पार्क के कार्य का शुभारंभ किया। पार्क का नाम पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के नाम पर रखा जायेगा।
इसके बाद विधायक और मेयर ने वार्ड-5 की हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी और जीवन विहार एक्सटेंशन में 1.24 करोड़ रुपये की लागत से गलियों के सीसी और इंटरलॉकिंग टाइल्स से पक्का करने के कार्य का शुभारंभ किया। उसके उपरांत वार्ड-16 में 6.53 करोड़ की कई परियोजनाओं का शुभारंभ किया।
लहराड़ा से ककरोई रोड मिनी बाई पास पर 84 लाख रुपये से सीवरेज वाटर डिस्पोजल बनाया जायेगा। मिनी बाईपास सीवरेज डिस्पोजल से ककरोई एसटीपी तक 2.11 करोड़ से नयी सीवरेज लाइन बिछाई जाएगी।
मेयर जैन ने बताया कि वार्ड-12 में 1.12 करोड़ से वैक्सन कॉलोनी की मुख्य गली को मास्टिक, तारा नगर और डबल स्टोरी की विभिन्न गलियों को सी सी से पक्का करने का काम किया जाएगा। उन्होंने बताया कि लहराडा गांव में विभिन्न गलियों को 71 लाख से इंटरलॉकिंग टाइल्स द्वारा पक्का किया जाएगा। इसके अलावा कई वार्डों में कई करोड़ रुपये की परियोजनाओं की आधारशिला रखी।
विधायक ने बताया कि वार्ड-7 रायपुर गांव में भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी के नाम पर व्यायामशाला और योगशाला का लोकार्पण किया गया है। इस व्यायामशाला को 3.73 करोड़ की लागत से बनाया गया है। इस व्यायामशाला से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के फिट इंडिया मूवमेंट को बढ़ावा मिलेगा।
इस मौके पर पार्षद हरि प्रकाश सैनी, पार्षद मुकेश सैनी, पार्षद मुनीराम ठोलेदार,पार्षद लक्ष्मी नारायण तनेजा, पार्षद अतुल जैन, पार्षद नवीन तंवर, मार्किट कमेटी वाइस चेयरमैन संजय वर्मा आदि भी मौजूद रहे।

