केएमपी एक्सप्रेस-वे पर अवैध रूप से खड़े कई वाहनों को किया इम्पाउंड
सोनीपत में कुंडली-मानेसर-पलवल (केएमपी) एक्सप्रेस-वे को अतिक्रमण मुक्त रखने के लिए बुधवार को पुलिस और एचएसआईआईडीसी ने संयुक्त अभियान चलाकर सडक़ किनारे अवैध रूप से खड़े कई वाहनों को इम्पाउंड किया गया। ड्यूटी मजिस्ट्रेट अश्वनी कौशिक की मौजूदगी में एक्सप्रेस-वे...
सोनीपत में कुंडली-मानेसर-पलवल (केएमपी) एक्सप्रेस-वे को अतिक्रमण मुक्त रखने के लिए बुधवार को पुलिस और एचएसआईआईडीसी ने संयुक्त अभियान चलाकर सडक़ किनारे अवैध रूप से खड़े कई वाहनों को इम्पाउंड किया गया। ड्यूटी मजिस्ट्रेट अश्वनी कौशिक की मौजूदगी में एक्सप्रेस-वे के राइट ऑफ वे क्षेत्र से अवैध अतिक्रमण हटाया गया।
यह अभियान पुलिस कमिश्नर ममता सिंह के मार्गदर्शन और पुलिस उपायुक्त (मुख्यालय एवं यातायात) सोनाक्षी सिंह के निर्देशन में चलाया गया। अभियान का नेतृत्व ट्रैफिक थाना मुरथल प्रभारी निरीक्षक बलवान सिंह ने किया। इस दौरान एचएसआईआईडीसी के जेई नीरज और केएमपी एक्सप्रेस-वे परियोजना के अधिकारी भी मौजूद रहे। संयुक्त टीम ने एक्सप्रेस-वे का निरीक्षण करते हुए राइट ऑफ वे क्षेत्र में किए गए अवैध अतिक्रमण को हटवाया। संबंधित लोगों को दोबारा अतिक्रमण नहीं करने की चेतावनी दी गई।
अधिकारियों ने कहा कि सडक़ सुरक्षा और यातायात व्यवस्था में किसी भी तरह की लापरवाही या नियमों के उल्लंघन को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अभियान के दौरान एक्सप्रेस-वे पर अवैध रूप से खड़े वाहनों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई। यातायात में बाधा बन रहे वाहनों को इम्पाउंड कर नियमों का पालन सुनिश्चित कराया गया।
निरीक्षण के दौरान सड़क सुरक्षा मानकों की भी समीक्षा की गई और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। वाहन चालकों से अपील की गई कि वह केवल निर्धारित स्थानों पर ही वाहन खड़े करें और एक्सप्रेस-वे के राइट ऑफ वे क्षेत्र में किसी भी प्रकार का अतिक्रमण न करें।
ट्रैफिक थाना मुरथल प्रभारी निरीक्षक बलवान सिंह ने कहा कि केएमपी एक्सप्रेस-वे को अतिक्रमण मुक्त बनाए रखने, यातायात को सुरक्षित एवं सुचारु रखने और सड़क सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन कराने के लिए ऐसे संयुक्त अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे। उन्होंने कहा कि हाईवे किनारे खाद्य पदार्थ बेचने के लिए स्टाल लगाने वालों पर शिकंजा कसा जाएगा।

