सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री कृष्ण बेदी ने कहा कि संस्कार, संस्कृति और सनातन धर्म हमारे लिए अमूल्य धरोहर है। सरकार ने गौ-रक्षा, महिला सशक्तीकरण और हर वर्ग की भलाई के लिए अनेक योजनाएं लागू की हैं।
मंत्री कृष्ण बेदी शनिवार को अलख आश्रम में बहल वासियों द्वारा आयोजित अलख वार्षिक महोत्सव भंडारा एवं सत्संग कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि जब तक धर्म की ध्वजा लहराती रहेगी, तब तक सनातन धर्म का प्रचार व प्रसार और तेजी से बढ़ेगा। उन्होंने कहा कि जब धर्म के रास्ते पर रुकावट आती है और धर्म का पतन होता है तो समाज को हानि उठानी पड़ती इसलिए सनातन धर्म का प्रचार और प्रसार होना चाहिए।
उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी को पाश्चात्य संस्कृति की ओर बढ़ने से रोकना जाना चाहिए। संस्कृति और संस्कार से अवगत कराना चाहिए। कृष्ण बेदी ने कहा कि सनातन धर्म में गौ-सेवा पुण्य का कार्य है। सरकार ने गौ-संरक्षण और संवर्धन के लिए कानून बनाकर सकती से लागू किया। उन्होंने कहा कि पूर्ववर्ती सरकारों में गौशालाओं का बजट मात्र 2 करोड़ रुपए के होता भाजपा सरकार ने गौशाला के बजट को बढ़ाकर 582 करोड़ रुपए किया है।
उन्होंने घोषणा की महंत विकास गिरी द्वारा समाज की भलाई के कार्यों के लिए प्रयोग की जाने वाली उनके कोटे से निर्माणाधीन धर्मशाला में एक कमरे का धर्मशाला का निर्माण करवाया जाएगा। इस निर्माण कार्य को रुकने नहीं दिया जाएगा। भाजपा के जिला अध्यक्ष वीरेंद्र कौशिक ने कहा कि सनातन और संस्कार को बचाने के लिए संत महात्माओं द्वारा अलख जगा रखा है। मार्केट कमेटी के चेयरमैन पंडित रवि महमिया ने कैबिनेट मंत्री कृष्ण बेदी व अतिथियांें का स्वागत किया और समारोह को संबोधित करते हुए बहल के इतिहास की पृष्ठभूमि तथा अलख बाबा के बारे में विस्तार से जानकारी दी। बहल के सरपंच साधुराम परिहार, पूर्व सरपंच गजानंद अग्रवाल व पूर्व अध्यक्ष सुशील केडिया ने भी अतिथियों का स्वागत किया। वार्षिक महोत्सव कार्यक्रम में जूना अखाड़े से महंत प्रेम गिरि महाराज, बालक गद्दी से पृथ्वीगिरि महाराज, महामंडलेश्वर दर्शनगिरि, राजेशगिरी, विद्यानंद गिरी, तुरंतपुरी, कथावाचक महंत पारुल भगत मौजूद थे।

