फरीदाबाद में सफाई कर्मियाें ने झाड़ू लेकर किया प्रदर्शन
पक्का करने की मांग को लेकर हल्ला बोल, 1 मई से काम छोड़ हड़ताल
नगरपालिका कर्मचारी संघ हरियाणा के आह्वान पर शुक्रवार को नगर निगम के सफाई कर्मचारियों ने सरकार की नीतियों के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। भोजन अवकाश के समय बड़ी संख्या में कर्मचारी निगम मुख्यालय पर एकत्रित हुए और हाथों में उल्टी झाड़ू लेकर नीलम-बीके रोड पर मार्च निकाला। कर्मचारियों का यह आक्रोश मुख्य रूप से ठेका प्रथा को समाप्त करने और कच्चे कर्मचारियों को पक्का करने की मांग को लेकर था। आक्रोश सभा की अध्यक्षता सफाई कर्मचारी यूनियन के प्रधान बलबीर सिंह बालगुहेर ने की। संयोगवश आज बालगुहेर का जन्मदिन भी था, जिसे कर्मचारियों ने उन्हें फूल भेंट कर और मिठाई खिलाकर मनाया। इस अवसर पर बलबीर सिंह ने स्पष्ट किया कि व्यक्तिगत खुशियों से ऊपर कर्मचारियों का हित है। उन्होंने घोषणा की कि आगामी 27 और 28 अप्रैल को कर्मचारी भूख हड़ताल करेंगे और यदि फिर भी मांगें पूरी नहीं हुईं, तो 1 व 2 मई को पूरे प्रदेश में काम छोड़ हड़ताल की जाएगी। प्रदर्शनकारी कर्मचारी पैदल मार्च करते हुए नेहरू ग्राउंड स्थित फायर स्टेशन पहुंचे। वहां वे पिछले 17 दिनों से अपनी मांगों को लेकर धरने पर बैठे फायर कर्मचारियों के समर्थन में खड़े हुए और सरकार के विरुद्ध जमकर नारेबाजी की। संघ के जिला प्रधान दलीप बोहत और जिला सचिव अनिल चिंडालिया ने कहा कि फरीदाबाद की बढ़ती आबादी के हिसाब से शहर में कम से कम 10 हजार सफाई कर्मियों की आवश्यकता है, लेकिन सरकार रिक्त पदों को भरने के बजाय ठेकेदारी प्रथा के जरिए कर्मियों का शोषण कर रही है। सेनिटेशन यूनियन के प्रधान राहुल चिंडालिया ने कहा कि ठेकेदार सफाई कर्मचारियों को गुलामों जैसी जिंदगी जीने पर मजबूर कर रहे हैं। सभा को संबोधित करने वालों में रघुवीर चौटाला, श्रीनंद ढकोलिया, विशाल पारछा, महेंद्र कुड़रिया, नरेश भगवाना, प्रेमपाल दर्शन, सुरेश देवी, देवीचरण शर्मा, रामरतन कर्दम, देवकी नंदन, महेश शर्मा शामिल रहे।
