छायंसा से लिये सैंपल एक बार फिर पुणे, नयी दिल्ली की लैब में भेजे
बीमारी की सटीक जानकारी हासिल करने का प्रयास
गांव छायंसा में फैली बीमारी की सटीक जानकारी हासिल करने के लिए मरीजों के सैंपल जांच के लिए एक बार फिर पुणे और नयी दिल्ली की लैब में भेजे गये। सैंपलों की जांच रिपोर्ट के बाद बीमारियों का सही आकलन कर मरीजों का उचित उपचार किया जाएगा। सीएमओ डाॅ. सतिंदर वशिष्ठ ने यह जानकारी दी और कहा कि गांव छायसा में अब स्थिति पूरी तरह स्थिर है और स्वास्थ्य विभाग की टीमें लगातार निगरानी कर रही हैं। घर-घर जाकर एक-एक व्यक्ति की जांच की जा रही है। गांव में लगाए स्वास्थ्य शिविरों में बुखार और पेटदर्द के मरीज मिल रहे हैं। मौके पर ही स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें आवश्यक परामर्श और उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है। इंडियन काउंसिल आफ मेडिकल रिसर्च (आईसीएमआर) तथा नेशनल नेशनल सेंटर फार डिजिज कंट्रोल (एनसीडीसी) से मिली रिपोर्ट के अनुसार हेपेटाइटिस के कई संभावित कारण हो सकते हैं। फिलहाल किसी एक कारण की पुष्टि नहीं हुई है और दोबारा जांच करवाई जा रही हैं। इस संबंध में विशेषज्ञों द्वारा विस्तृत जांच जारी है। सीएमओ का कहना है कि किसी भी प्रकार की स्वास्थ्य समस्या होने पर विषेशज्ञ डॉक्टरों से उपचार करवाएं।

