Sahil murder case गोदारा गैंग के शामिल होने से पिता का इनकार
पुलिस की कार्रवाई से संतुष्ट न होेने पर पंचायत बुलाने की कही बात
sahil murder case : झज्जर जिले के गांव डीघल के साहिल हत्याकांड में मृतक के पिता कुक्कू पहलवान ने गोदारा गैंग के शामिल होने की बात को सिरे से नकार दिया। उन्होंने सोशल मीडिया पर वायरल हो रही जिम्मेदारी लेने की खबर को झूठी अफवाह बताया। कुक्कू पहलवान ने स्पष्ट आरोप लगाया कि इस वारदात में उनके गांव के ही दो युवक शामिल हैं, इस बात का पुलिस को भी पता है।
यह युवक पहले साहिल के साथ फाइनेंस का काम करते थे। बाद में आपसी विवाद के चलते अलग हो गए थे। परिजनों के अनुसार, घटना से पहले आरोपियों ने साहिल को फोन कर मौके पर बुलाया और फिर वारदात को अंजाम दिया। साहिल के पिता कुक्कू पहलवान ने पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए कहा कि यदि उन्हें जल्द न्याय नहीं मिला तो वह खाप पंचायतों का दरवाजा खटखटाएंगे।
कुक्कू पहलवान ने चेतावनी दी कि जरूरत पड़ी तो बड़ी पंचायत भी न्याय पाने के लिए बुलाई जाएगी। उन्होंने पुलिस से मांग की कि किसी भी प्रकार के दबाव या लालच में आकर दोषियों को बख्शा न जाए। मामले की निष्पक्ष जांच कर जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए। पुलिस के अनुसार वारदात में प्रयुक्त स्कॉर्पियो गाड़ी बरामद कर ली गई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह गाड़ी कलानौर क्षेत्र के किसी व्यक्ति से मांगकर लाई गई थी, जो अब जांच का अहम हिस्सा बन गई है। साहिल के पिता कुक्कू पहलवान का यह भी कहना था कि साहिल पिछले करीब तीन वर्षों से फाइनेंस का कार्य कर रहा था और इसी दौरान आरोपियों के साथ उसका संपर्क बना था।
पिता ने सुरक्षा लेने से किया मना
ऐसी वारदात के बाद जहां आमतौर पर परिवार सुरक्षा की मांग करता है, वहीं कुक्कू पहलवान ने किसी भी प्रकार की सुरक्षा लेने से इनकार कर दिया। उनका कहना है कि पुलिस ने भी सुरक्षा को लेकर कोई पहल नहीं की। उधर पुलिस कमिश्नर डा. राजश्री ने इस मामले में पुलिस का पक्ष रखते हुए कहा कि आरोपियों की पहचान हो चुकी है और उन्हें जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

