सोनीपत में घर से 2 लाख रुपये व नकली नाेट छापने की मशीन जब्त
दिल्ली में 7.38 लाख रुपये के नकली नोट के साथ 3 गिरफ्तार
दिल्ली में नकली नोटों की सप्लाई के मामले में गिरफ्तार गांव ठरू निवासी युवक के सोनीपत स्थित घर से नकली नोट छापने का सामान और मशीन मिली है। इससे पुलिस जांच का दायरा जिले तक पहुंच गया है। दिल्ली पुलिस ने आरोपी समेत तीन युवकों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 500 रुपये के 1476 जाली नोट बरामद किए हैं, जिनकी कुल कीमत 7.38 लाख रुपये है। इसके अलावा तीन मोबाइल फोन और अन्य सामग्री भी बरामद की गई है। जिला के गांव ठरू निवासी साहिल खर्ब के सेक्टर-12 स्थित घर के बाहर ‘खर्ब एंटरप्राइजेज वॉटर सॉल्यूशन’ के नाम से आरओ कारोबार का बोर्ड लगा हुआ है। दिल्ली पुलिस की टीम आरोपी को लेकर सोनीपत पहुंची थी और घर से करीब 2 लाख रुपये तथा नकली नोट छापने की मशीन समेत अन्य सामग्री बरामद कर अपने साथ ले गई। बताया जा रहा है कि 30 सितंबर को दिल्ली पुलिस को सूचना मिली थी कि साहिल खर्ब और राजस्थान निवासी गोसाई राम, जयपुर निवासी पुष्कर राज पुरबिया को नकली नोटों की खेप देने वाले हैं। रोहिणी क्षेत्र में घेराबंदी कर तीनों को पकड़ लिया गया। आरोपियों के कब्जे से 100 व 500 के क्रमश: 2.87,500 और 3.50 लाख रुपये के जाली नोट मिले थे। पूछताछ में आरोपियों ने जाली नोट स्थानीय व साप्ताहिक बाजारों में चलाने की बात सामने आने की जानकारी पुलिस ने दी थी। मामले में दिल्ली के प्रशांत विहार थाना पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर रखी है। सोनीपत के एसीपी मुख्यालय अजीत सिंह ने बताया कि दिल्ली पुलिस आरोपी को यहां लेकर आई थी और कुछ सामान बरामद कर ले गई। मामले की जांच दिल्ली पुलिस कर रही है।

