दलगत राजनीति से ऊपर उठकर हरियाणा के हित में करें मतदान : निर्दलीय विधायक
हरियाणा की राज्यसभा सीट के लिए निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में नामांकन करने वाले रोहतक निवासी सतीश नांदल को समर्थन देने के लिए बहादुरगढ़ के निर्दलीय विधायक राजेश जून, देवेंद्र कादयान और सावित्री जिंदल ने सभी राजनीतिक दलों के विधायकों...
हरियाणा की राज्यसभा सीट के लिए निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में नामांकन करने वाले रोहतक निवासी सतीश नांदल को समर्थन देने के लिए बहादुरगढ़ के निर्दलीय विधायक राजेश जून, देवेंद्र कादयान और सावित्री जिंदल ने सभी राजनीतिक दलों के विधायकों से अपील की है कि वे दलगत सीमाओं से ऊपर उठकर नांदल के पक्ष में मतदान करें।
तीनों निर्दलीय विधायकों ने नामांकन प्रक्रिया के दौरान सतीश नांदल का समर्थन किया और इसके बाद इनेलो, कांग्रेस और भाजपा के विधायकों से अनुरोध किया कि वे हरियाणा के हितों को ध्यान में रखते हुए नांदल को राज्यसभा भेजने में सहयोग करें।
निर्दलीय विधायक राजेश जून ने कहा कि यदि सतीश नांदल राज्यसभा पहुंचे, तो वे प्रदेश के हकों और हितों की आवाज मजबूती से उठाएंगे। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय पार्टियों के प्रतिनिधियों के साथ एक निर्दलीय प्रतिनिधि का होना प्रदेश के लिए लाभदायक साबित हो सकता है।
तीनों विधायकों ने उम्मीद जताई कि प्रदेश के विधायक लोकतांत्रिक मूल्यों का सम्मान करते हुए स्वतंत्र सोच के साथ मतदान करेंगे और हरियाणा के हितों को सर्वोपरि रखते हुए निर्णय लेंगे।
फ़ोटो कैप्शन: 5बीजीएचपी4: पत्रकारों से बातचीत करते हुए निर्दलीय विधायक।-निस

