Rewari News : लर्निंग लाइसेंस की एवज में 4500 रुपये रिश्वत लेता क्लर्क गिरफ्तार
एंटी करप्शन ब्यूरो ने नई अनाज मंडी में जाल बिछाकर रंगे हाथ दबोचा, कौशल रोजगार निगम के तहत लाइसेंस ब्रांच में था कार्यरत
Rewari News : रेवाड़ी में लर्निंग ड्राइविंग लाइसेंस बनाने के नाम पर 4500 रुपये की रिश्वत लेने के आरोप में एंटी करप्शन ब्यूरो ने लाइसेंस ब्रांच के एक क्लर्क को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। हरियाणा कौशल रोजगार निगम के तहत कार्यरत आरोपी अमरजीत को शुक्रवार देर शाम नई अनाज मंडी में रिश्वत की रकम लेते हुए काबू किया गया।
शहर के मोहल्ला छीपटवाड़ा निवासी गौरव सैनी ने ब्यूरो को दी शिकायत में बताया था कि उसे अपना लर्निंग ड्राइविंग लाइसेंस बनवाना था। इसके लिए उसने लाइसेंस ब्रांच के क्लर्क अमरजीत से संपर्क किया। आरोप है कि अमरजीत ने इस काम के लिए 4700 रुपये की मांग की, लेकिन बाद में सौदा 4500 रुपये में तय हुआ। रिश्वत की यह रकम देने के लिए शुक्रवार देर शाम का समय निश्चित किया गया था।
तय योजना के अनुसार, आरोपी अमरजीत ने गौरव को कार्यालय समय के बाद नई अनाज मंडी में बुलाया। वहां जैसे ही गौरव ने आरोपी को 4500 रुपये दिए, पहले से मुस्तैद ब्यूरो की टीम ने इशारा मिलते ही उसे रंगे हाथ दबोच लिया। इंस्पेक्टर जयपाल ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर मामले की गहनता से जांच की जा रही है। गौरतलब है कि दो दिन पूर्व भी ब्यूरो ने 50 हजार रुपये की रिश्वत लेने के आरोप में होमगार्ड कमांडेंट सुधीर को गिरफ्तार किया था।
