Tribune
PT
Subscribe To Print Edition About the Dainik Tribune Code Of Ethics Advertise with us Classifieds Download App
search-icon-img
Advertisement

सेवानिवृत्त कंडक्टर की गला दबाकर हत्या, पशुबाड़े में मिला शव

गांव भैरा बांकीपुर में मिला रोहताश का शव, पुलिस व फारेंसिक एक्सपर्ट ने की जांच

  • fb
  • twitter
  • whatsapp
  • whatsapp
Advertisement
भैरा-बांकीपुर गांव में पशुबाड़े में सोए सेवानिवृत्त कंडक्टर की गला दबाकर हत्या कर दी गई। मंगलवार सुबह वारदात का पता चला। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भिजवा दिया है। वहीं फारेंसिक एक्सपर्ट ने भी मौके से साक्ष्य बरामद किए हैं। पुलिस ने मामले में अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

गांव भैरा बांकीपुर में रहने वाले 68 वर्षीय रोहतास सिंह सोमवार रात को खाना खाने के बाद गांव के बाहरी इलाके में स्थित पशुबाड़े में सोने के लिए चले गए। हमेशा की तरह जब वे सुबह सात बजे दूध लेकर घर पर नहीं पहुंचा तो घर वालों ने उनसे फोन पर संपर्क करने की कोशिश की। फोन नहीं उठाए जाने पर पत्नी कमलेश उन्हें देखने के लिए पशुबाड़े पर गई। वहां मुख्य द्वार पर अंदर से ताला लगा था। कमलेश द्वारा आस-पास के लोगों को बताए जाने पर वे चारदीवारी फांदकर अंदर पहुंचे। अंदर कमरे में रोहतास अपनी चारपाई पर मृत हालत में मिले। इससे उसके परिवार में कोहराम मच गया।

Advertisement

रोहतास सिंह दिल्ली परिवहन निगम में परिचालक के पद पर कार्यरत थे और आठ साल पहले सेवानिवृत्त हुए थे। गांव वालों का कहना है कि उनका तथा उनके परिवार का गांव में सामान्य व्यवहार है। मामले में पुलिस विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। पुलिस के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद मौत के कारणों का पता चलेगा।

Advertisement

मौके पर मिले संघर्ष के निशान, फोन तथा पैसे भी सुरक्षित मिले

पशुबाड़े में मेन गेट का अंदर से ताला लगाने के बाद रोहतास सिंह अपने कमरे की कुंडी बंद नहीं करता था। वारदात को अंजाम देने वालों ने इस बात का फायदा उठाया। वे चारदीवारी फांदकर अंदर घुसे और सोये हुए रोहतास सिंह की गला घोंटकर हत्या कर दी। चारपाई पर संघर्ष के निशान और जेब में उनका मोबाइल व रुपये भी सुरक्षित मिले हैं। पशुबाड़े में अन्य सामान भी सुरक्षित पाया गया है। ऐसे में हत्या को किसी रंजिश से जोडक़र भी देखा जा रहा है।

गांव भैरा बांकीपुर में एक बुजुर्ग का शव उनके पशुबाड़े में मिला है। मृतक के गले पर निशान मिले हैं, जिससे गला घोंटकर हत्या की आशंका जताई जा रही है। परिजनों के बयान के आधार पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हमलावरों का पता लगाने के लिए आसपास लगे सीसीटीवी की फुटेज भी खंगाली जाएगी।

सेठी मलिक, थाना प्रभारी, कुंडली

Advertisement
×