Tribune
PT
Subscribe To Print Edition About the Dainik Tribune Code Of Ethics Advertise with us Classifieds Download App
search-icon-img
Advertisement

हरियाणा बजट 2026-27 के लिए राव इंद्रजीत ने रखीं बड़ी मांगें

गुरुग्राम-रेवाड़ी की कनेक्टिविटी, सफाई, जल व पर्यावरण संरक्षण पर विशेष बजट की मांग

  • fb
  • twitter
  • whatsapp
  • whatsapp
featured-img featured-img
राव इंद्रजीत सिंह
Advertisement
केंद्र में राज्यमंत्री राव इंद्रजीत सिंह ने हरियाणा सरकार के आगामी बजट 2026-27 को लेकर मुख्यमंत्री नायब सैनी को पत्र लिखकर अपने लोकसभा क्षेत्र गुरुग्राम-रेवाड़ी से जुड़ी प्रमुख परियोजनाओं के लिए विशेष बजट प्रावधान की मांग की है। पत्र में उन्होंने क्षेत्र की बुनियादी समस्याओं, भविष्य की जरूरतों और पूर्व में हुई कार्रवाई का भी उल्लेख किया है।

राव इंद्रजीत ने द्वारका एक्सप्रेसवे को मेट्रो से जोड़ने की मांग करते हुए कहा कि गुरुग्राम देश की आर्थिक राजधानी के रूप में उभर रहा है और नए गुरुग्राम में सार्वजनिक परिवहन को मजबूत करना समय की जरूरत है। द्वारका एक्सप्रेसवे के आसपास तेजी से शहरी विकास हो रहा है, ऐसे में मेट्रो कनेक्टिविटी के लिए बजट में प्रावधान किया जाना चाहिए।

Advertisement

मानेसर के लिये भी मांगा विशेष बजट

उन्होंने गुरुग्राम और मानेसर नगर निगम की सफाई व्यवस्था के लिए अलग से बजट की मांग भी उठाई। राव ने कहा कि गुरुग्राम-मानेसर नगर निगम का प्रतिदिन करीब 1200 टन और फरीदाबाद नगर निगम का 700-800 टन कचरा बंधवाड़ी गांव के पास अरावली क्षेत्र में डाला जा रहा है। इससे आसपास के गांवों का भूजल दूषित हो रहा है और गंभीर स्वास्थ्य संकट उत्पन्न हो गया है। उन्होंने कूड़े के पहाड़ हटाने और वैज्ञानिक कचरा प्रबंधन के लिए विशेष बजट की मांग की।

Advertisement

पत्र में राव ने धारूहेड़ा और मसानी बैराज में दूषित पानी की समस्या का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि राजस्थान के भिवाड़ी से आ रहा गंदा पानी धारूहेड़ा व मसानी बैराज को प्रभावित कर रहा है। इस समस्या के स्थायी समाधान के लिए एसटीपी और सीटीपी लगाने तथा जल निकासी योजनाओं के लिए बजट आवंटन की मांग की गई है।

इसके अलावा राव इंद्रजीत ने अरावली पर्वत श्रृंखला के संरक्षण के लिए बजट में स्पष्ट घोषणा करने की मांग की। उन्होंने कहा कि अरावली दक्षिण हरियाणा की जीवन रेखा है और इसके संरक्षण को लेकर लोगों में चिंता बढ़ रही है।

उन्होंने पंचायत और शहरी निकाय जनप्रतिनिधियों को अधिक अधिकार देने के लिए 73वें संविधान संशोधन के प्रभावी क्रियान्वयन की मांग भी दोहराई। साथ ही रेवाड़ी, गुरुग्राम और नारनौल में पूर्व सैनिकों के लिए सैनिक सदन बनाने के लिए विशेष बजट का आग्रह किया।

राव इंद्रजीत की प्रमुख बजट मांगें

  • द्वारका एक्सप्रेसवे के साथ मेट्रो कॉरिडोर
  • गुरुग्राम-मानेसर में सफाई व्यवस्था के लिए अलग बजट
  • अरावली संरक्षण के लिए विशेष घोषणा
  • धारूहेड़ा व मसानी बैराज में दूषित पानी की समस्या का समाधान
  • एसटीपी-सीटीपी व जल निकासी योजनाओं के लिए बजट
  • पंचायत व शहरी निकाय जनप्रतिनिधियों की शक्तियां बढ़ाने की मांग
  • पूर्व सैनिकों के लिए सैनिक सदन का निर्माण

Advertisement
×