Pataudi News : नर सेवा ही नारायण सेवा, सनातन धर्म विश्व कल्याण का मार्ग: रणबीर सिंह गंगवा
पटौदी में आश्रम हरि मंदिर का 106वां वार्षिकोत्सव
Pataudi News : हरियाणा के लोक निर्माण (भवन एवं मार्ग) तथा जनस्वास्थ्य एवं अभियांत्रिकी मंत्री रणबीर सिंह गंगवा ने मानवता की सेवा को ही ईश्वर की सच्ची भक्ति बताया है। उन्होंने कहा कि "नर सेवा ही नारायण सेवा" का सिद्धांत हमारे सनातन धर्म की आत्मा है, जो न केवल भारत बल्कि पूरे विश्व के कल्याण की कामना करता है। श्री गंगवा शुक्रवार देर शाम गुरुग्राम के पटौदी में स्थित आश्रम हरि मंदिर के 106वें वार्षिकोत्सव को बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे।
कैबिनेट मंत्री ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया। अपने संबोधन में उन्होंने जोर देकर कहा कि सनातन धर्म केवल एक पूजा पद्धति नहीं है, बल्कि यह जीवन जीने का एक ऐसा मार्ग है जो समाज में समरसता, करुणा और सेवा की भावना को मजबूत करता है। उन्होंने संतों की भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि जब भी राष्ट्र या धर्म पर कोई संकट आया है, हमारे गुरुओं और संतों ने साहस के साथ समाज का मार्गदर्शन किया है।
शिक्षा के साथ संस्कारों पर जोर
वैश्विक परिस्थितियों का जिक्र करते हुए रणबीर सिंह गंगवा ने कहा कि आज जब दुनिया संघर्ष और अशांति के दौर से गुजर रही है, तब पूरी मानवता भारत की ओर उम्मीद से देख रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत आज विश्व पटल पर शांति और संवाद का दूत बनकर उभरा है। यह हमारी सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत की ही शक्ति है कि हम 'वसुधैव कुटुंबकम' के भाव के साथ आगे बढ़ रहे हैं।
उन्होंने आश्रम द्वारा संचालित शिक्षण संस्थानों की प्रशंसा करते हुए कहा कि केवल किताबी ज्ञान पर्याप्त नहीं है। यदि शिक्षा के साथ संस्कारों का मेल हो, तभी एक सशक्त राष्ट्र और बेहतर समाज का निर्माण संभव है।
आश्रम के लिए 11 लाख की आर्थिक मदद का एलान
समारोह के दौरान कैबिनेट मंत्री ने आश्रम की सेवा गतिविधियों को और गति देने के लिए 11 लाख रुपये की सहायता राशि देने की घोषणा की। इस अवसर पर कार्यक्रम के संयोजक महामंडलेश्वर स्वामी धर्मदेव ने मंत्री का स्वागत किया और आश्रम की परंपराओं से अवगत कराया। इस भव्य वार्षिकोत्सव में जीएवी शिक्षण संस्थान के चेयरमैन प्रदीप कौशिक, तहसीलदार रोहतास पवांर, पूर्व चेयरमैन सतबीर वर्मा, पटवारी सुनील कुमार सहित कई अन्य गणमान्य व्यक्ति और श्रद्धालु उपस्थित रहे।

