निलंबित पटवारियों की बहाली की मांग को लेकर धरना-प्रदर्शन
चरखी दादरी में निलंबित किए गए छह राजस्व पटवारियों की बहाली की मांग को लेकर पटवार एवं कानूनगो एसोसिएशन के आह्वान पर मंगलवार को जिला मुख्यालय पर पटवारियों और कानूनगो ने धरना देकर रोष प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने स्पष्ट किया...
चरखी दादरी में निलंबित किए गए छह राजस्व पटवारियों की बहाली की मांग को लेकर पटवार एवं कानूनगो एसोसिएशन के आह्वान पर मंगलवार को जिला मुख्यालय पर पटवारियों और कानूनगो ने धरना देकर रोष प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने स्पष्ट किया कि मांगें पूरी होने तक धरना जारी रहेगा।
जिला प्रधान कुलबीर सांगवान के नेतृत्व में पटवारियों ने लघु सचिवालय परिसर में धरना दिया। उन्होंने कहा कि जब तक सरकार सभी छह निलंबित पटवारियों को बहाल करने के लिखित आदेश जारी नहीं करती, तब तक राज्य कार्यकारिणी के मार्गदर्शन में आंदोलन लगातार जारी रहेगा।
उन्होंने बताया कि बहाली के अलावा एसोसिएशन की अन्य प्रमुख मांगों में कानूनगो को भी पटवारियों की तर्ज पर तीन वेतन वृद्धियों का लाभ देना, नवनियुक्त पटवारियों के लिए मुख्यमंत्री द्वारा की गई घोषणा का नोटिफिकेशन जारी करना तथा रोवर मशीन से पैमाइश के लिए कानूनगो को पूर्ण प्रशिक्षण देना शामिल है।
धरने में जिला सचिव प्रतीक जांघू, कुलबीर छिल्लर, सतवीर सरोहा, एसकेएस प्रधान यशपाल, हेमसा से विजय लाम्बा, रविंद्र शर्मा, हरिचरण पटवारी, राजेश सांगवान, प्रवीन सुहाग और राकेश छिल्लर सहित कई पटवारी व कानूनगो मौजूद रहे।

