हिसार जिले में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार के लिए एयरपोर्ट चौक के पास 300 बेड के प्रस्तावित जिला अस्पताल और आजाद नगर में अर्बन हेल्थ सेंटर के निर्माण की तैयारियां तेज कर दी गई हैं। उपायुक्त महेंद्र पाल ने संबंधित अधिकारियों को दोनों परियोजनाओं से जुड़ी सभी आवश्यक औपचारिकताएं जल्द पूरी करने के निर्देश दिए हैं।
बृहस्पतिवार को जिला स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण समिति की गवर्निंग काउंसिल बैठक की अध्यक्षता करते हुए उपायुक्त ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी प्रशासनिक विभागों के साथ समन्वय बनाकर भूमि हस्तांतरण सहित जरूरी अनुमतियां शीघ्र प्राप्त करें, ताकि निर्माण कार्य समय पर शुरू किया जा सके।
अर्बन हेल्थ सेंटर के निर्माण को मिली मंजूरी
बैठक में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने जानकारी दी कि आजाद नगर अर्बन हेल्थ सेंटर के निर्माण को मुख्यमंत्री की स्वीकृति मिल चुकी है, जबकि 300 बेड के जिला अस्पताल की स्थापना से संबंधित औपचारिकताएं भी पूरी की जा रही हैं। इसके लिए मुख्यालय स्तर पर लगातार संपर्क किया जा रहा है।
उप सिविल सर्जन डॉ. तरुण ने जिले के उप-स्वास्थ्य केंद्रों और हेल्थ वेलनेस सेंटरों के मरम्मत व नवीनीकरण कार्यों की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की। उन्होंने हांसी अस्पताल, आदमपुर और सीएचसी बरवाला व सीसवाल में चल रहे विभिन्न विकास कार्यों की भी जानकारी दी।
उपायुक्त ने सरकारी अस्पतालों में स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार पर जोर देते हुए कहा कि गर्भवती महिलाओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना और महिलाओं व बच्चों की मृत्यु दर कम करना स्वास्थ्य विभाग की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने ओपीडी सेवाओं को बेहतर बनाने और एनीमिया मुक्त अभियान को प्रभावी ढंग से लागू करने के निर्देश भी दिए।
बैठक के दौरान जिला स्तरीय नार्कोटिक्स समन्वय समिति (एनकॉर्ड) की बैठक भी आयोजित की गई, जिसमें नशे के खिलाफ चल रही गतिविधियों की समीक्षा की गई। अधिकारियों को नशा पीड़ित व्यक्तियों का नियमित फॉलोअप सुनिश्चित करने और नशा मुक्ति केंद्रों का औचक निरीक्षण करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में एसडीएम ज्योति मित्तल, विशेष स्वच्छता अधिकारी हरबीर सिंह, जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी नरेंद्र सिंह, सीएमओ डॉ. सपना गहलावत, जिला आयुष अधिकारी धर्मपाल, डिप्टी सिविल सर्जन डॉ. तरुण, सुभाष खतरेजा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

