Overloaded Vehicles : नारनौल में सीएम फ्लाइंग, आरटीए और सीआईडी की संयुक्त कार्रवाई, 9 ओवरलोड वाहन पकड़े
कनीना-महेंद्रगढ़ और रेवाड़ी-नारनौल रोड पर जांच; 4.71 लाख रुपये का जुर्माना
Overloaded Vehicles : मुख्यमंत्री उड़नदस्ता रेवाड़ी, आरटीए विभाग नारनौल और जिला गुप्तचर इकाई की संयुक्त टीम ने जिले में ओवरलोड वाहनों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया। टीम ने कार्रवाई के दौरान 9 ओवरलोड वाहन पकड़े और उन पर कुल 4 लाख 71 हजार रुपये का जुर्माना लगाया। सभी वाहनों को निर्धारित पार्किंग स्थलों पर खड़ा करवा दिया गया।
मुख्यमंत्री उड़नदस्ता रेवाड़ी के निरीक्षक सतेन्द्र के नेतृत्व में अभियान चलाया गया। टीम में आरटीए विभाग नारनौल के एडीटीओ नवीन कुमार और जिला गुप्तचर इकाई नारनौल के निरीक्षक सुनील कुमार शामिल रहे।
कनीना-महेंद्रगढ़ रोड पर 5 वाहन पकड़े
संयुक्त टीम ने सबसे पहले कनीना-महेंद्रगढ़ रोड पर नाकाबंदी कर वाहनों की जांच की। इस दौरान 5 वाहन निर्धारित क्षमता से अधिक भार लेकर चलते पाए गए। टीम ने इनके चालान किए और सभी वाहनों को श्री बालाजी पार्किंग, कनीना में खड़ा करवा दिया।
इसके बाद टीम ने रेवाड़ी-नारनौल रोड पर ओवरलोड वाहनों की जांच की। यहां 4 वाहन निर्धारित क्षमता से अधिक भार लेकर चलते पाए गए। इनके खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई करते हुए चालान किए गए और वाहनों को सीताराम पार्किंग, बाछोद में खड़ा कराया गया।
ओवरलोड वाहनों पर कार्रवाई जारी रहेगी
संयुक्त कार्रवाई में पकड़े गए सभी 9 वाहनों पर कुल 4 लाख 71 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया। अधिकारियों ने कहा कि सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने और दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए ओवरलोड वाहनों के खिलाफ अभियान जारी रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों और संचालकों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।

