डॉक्टरों की हड़ताल से ओपीडी सेवाएं बंद , आपातकालीन सेवाएं जारी
रेवाड़ी के नागरिक अस्पताल में शनिवार को सरकारी डॉक्टरों ने एक दिन की हड़ताल करते हुए ओपीडी सेवाएं बंद रखीं। यह हड़ताल करनाल जिले के घरौंडा में ड्यूटी के दौरान एक चिकित्सक के साथ पुलिसकर्मियों द्वारा कथित दुर्व्यवहार और काम...
रेवाड़ी के नागरिक अस्पताल में शनिवार को सरकारी डॉक्टरों ने एक दिन की हड़ताल करते हुए ओपीडी सेवाएं बंद रखीं। यह हड़ताल करनाल जिले के घरौंडा में ड्यूटी के दौरान एक चिकित्सक के साथ पुलिसकर्मियों द्वारा कथित दुर्व्यवहार और काम में बाधा डालने के विरोध में की गई।
डॉक्टरों की इस हड़ताल के कारण सामान्य मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ा, क्योंकि अस्पताल में ओपीडी सेवाएं पूरी तरह बंद रहीं। हालांकि मरीजों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए आपातकालीन सेवाएं जारी रखी गईं और गंभीर मरीजों का इलाज किया जाता रहा।
पुलिसकर्मियों पर दुर्व्यवहार का आरोप, ओपीडी सेवाएं बंद रखीं
हरियाणा सिविल मेडिकल सर्विस एसोसिएशन (Haryana Civil Medical Services Association ) की जिला प्रधान डॉ. सुधा यादव ने बताया कि करनाल के घरौंडा में ड्यूटी पर तैनात एक डॉक्टर के साथ पुलिसकर्मियों ने कथित रूप से दुर्व्यवहार किया और उनके काम में बाधा डाली। उन्होंने कहा कि जिस तरह ड्यूटी कर रहे डॉक्टर को अपराधियों की तरह कॉलर पकड़कर थाने ले जाया गया, वह पूरे चिकित्सा समुदाय का अपमान है।
रेवाड़ी के नागरिक अस्पताल परिसर में डॉक्टरों ने की सांकेतिक हड़ताल की
डॉ. सुधा यादव ने बताया कि इसी घटना के विरोध में रेवाड़ी के नागरिक अस्पताल परिसर में डॉक्टरों ने एकजुट होकर एक दिन की सांकेतिक हड़ताल की और ओपीडी सेवाएं बंद रखीं। उन्होंने कहा कि डॉक्टरों के सम्मान और सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जा सकता।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि संबंधित पुलिसकर्मियों के खिलाफ उचित धाराओं में एफआईआर दर्ज कर सख्त कार्रवाई नहीं की गई, तो डॉक्टर आगे भी अपनी सेवाएं बंद रखने को मजबूर होंगे। डॉक्टरों ने सरकार और प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है।
झगड़े के बाद प्रॉपर्टी डीलर की मौत, परिजनों ने लगाए गंभीर आरोप

