पुलिस मुठभेड़ में गोली लगने से एक घायल
मिष्ठान भंडार से फिरौती मांगने पर 2 गिरफ्तार, हथियार की तलाशी के दौरान वारदात
पर्ची फेंककर छोटू मिष्ठान भंडार संचालक से फिरौती मांगने के मामले में सीआईए स्टाफ नारनौंद ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। उनमें से एक आरोपी अनुराग पुलिस ने एनकाउंटर में घायल हो गया। एसपी ने प्रेस को जानकारी दी कि शुक्रवार दोहपर दो युवक मोटरसाइकिल पर छोटू मिष्ठान भण्डार पहुंचे तथा दुकान पर लवकुश के हाथ में एक पर्ची थमाकर फरार हो गए। पर्ची में 50 लाख रुपये की फिरौती की मांग की गई थी तथा उस पर हिमांशु व अनुराग नाम अंकित थे। सीआईए नारनौंद की टीम ने दोनों को गीता चौक के पास से काबू कर लिया। बिहार के छपरा में खुगरी निवासी अनुराग उर्फ बासु इन दिनों विकास नगर हांसी रह रहा था और चिकन कॉर्नर पर काम करता था। आरोपी बिहार के छपरा में खुगरी निवासी विक्की भी विकास नगर में मेहनत-मजदूरी करता है। बताया गया है कि आरोपियों को आगामी कार्रवाई हेतु स्पेशल स्टाफ हांसी के हवाले किया गया। पूछताछ के दौरान अनुराग ने सुंदर नहर पुल, मुंढाल व सोरखी के बीच छुपाए गए अवैध हथियार की जानकारी दी। शुक्रवार रात को 11:10 बजे अवैध हथियार की बरामदगी के लिए अनुराग को सुंदर नहर पुल के पास लेकर गई थी।
हथियारों की बरामदगी के लिए ले जाते समय अनुराग ने निशानदेही के दौरान पहले से लोडेड अवैध कट्टे से पुलिस टीम पर अचानक फायरिंग कर दी तथा मौके से भागने का प्रयास किया। पुलिस द्वारा आत्मरक्षा में चेतावनी देने के उपरांत जवाबी कार्रवाई की गई, जिसमें आरोपी अनुराग के पैर में गोली लगी। घायल अनुराग को प्राथमिक उपचार हेतु सीएचसी सोरखी एवं सिविल अस्पताल हांसी ले जाया गया तथा बेहतर उपचार के लिए महाराजा अग्रसेन मेडिकल कॉलेज अग्रोहा रेफर किया गया, जहां उसका उपचार जारी है। पुलिस ने अनुराग से एक अवैध कट्टा तथा विक्की उर्फ हिमांशु से घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है।

