Drug Smuggling : तावडू में 20 लाख की हेरोइन के साथ तस्कर काबू, मुख्य सप्लायर भी नामजद
नशे के खिलाफ बड़ा प्रहार : नया बस अड्डा सोहना बाईपास पर नाकाबंदी कर दबोचा आरोपी; सीआईए और एंटी नारकोटिक्स सेल की संयुक्त कार्रवाई
Drug Smuggling : नूंह जिले में नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। तावडू सीआईए और एंटी नारकोटिक्स सेल की संयुक्त टीम ने मंगलवार को एक तस्कर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से करीब 20 लाख रुपये कीमत की 92 ग्राम हेरोइन बरामद की है। पुलिस ने आरोपी के साथ-साथ उसे नशा सप्लाई करने वाले मुख्य सरगना को भी नामजद कर लिया है और पूरे नेटवर्क को खंगालने में जुट गई है।
गुप्त सूचना पर बिछाया जाल नशा तस्करी पर लगाम कसने के लिए पुलिस लगातार गश्त कर रही है। मंगलवार (24 मार्च) को एएसआई साबिर हुसैन के नेतृत्व में टीम शहर में मौजूद थी। इसी बीच टीम को गुप्त सूचना मिली कि मोहम्मद गफ्फार नाम का युवक तावडू क्षेत्र में नशीले पदार्थ की खेप लेकर आने वाला है। इस पुख्ता जानकारी के बाद पुलिस ने तुरंत सतर्कता बरतते हुए नया बस अड्डा सोहना बाईपास पर नाकाबंदी कर दी और संदिग्ध वाहनों की चेकिंग शुरू कर दी।
92 ग्राम हेरोइन के साथ गिरफ्तारी चेकिंग के दौरान एक मोटरसाइकिल सवार युवक को पुलिस ने रोका। पूछताछ में उसने अपनी पहचान चूहड़पुर निवासी मोहम्मद गफ्फार के रूप में दी। जब पुलिस ने उसकी तलाशी ली, तो उसके पास से 92.08 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। पुलिस ने तुरंत उसे हिरासत में लेकर मोटरसाइकिल और मादक पदार्थ को जब्त कर लिया।
पूछताछ में गफ्फार ने खुलासा किया कि वह यह हेरोइन बावला निवासी लुकमान उर्फ लुका से लेकर आया था। पुलिस ने लुकमान के खिलाफ भी मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। तावडू सीआईए प्रभारी विनोद के अनुसार, मामले की गहनता से जांच की जा रही है ताकि नशा तस्करी में शामिल अन्य लोगों की चेन को भी तोड़ा जा सके।

