Nuh Police Encounter: पुलिस मुठभेड़ में पांच हजार का इनामी बदमाश घायल, पैर में लगी गोली
Nuh Police Encounter: लूट करने के प्रयास मामले में था वांछित, पुन्हाना सीआईए टीम की कार्रवाई
Nuh Police Encounter: नूंह जिले के पुन्हाना क्षेत्र में अपराध शाखा पुन्हाना पुलिस और लूट करने के प्रयास की वारदात में वांछित बदमाश के बीच हुई मुठभेड़ में पांच हजार रुपये का इनामी वांछित आरोपी घायल हो गया । आरोपी पर पिछले साल पुन्हाना शहर में ज्वेलरी दुकान में लूट के प्रयास का मामला दर्ज था और वह लंबे समय से फरार चल रहा था । घायल आरोपी को उपचार के लिए नलहड़ मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है ।
प्रेस वार्ता में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नूंह आयुष यादव ने बताया कि निरीक्षक संदीप मोर के नेतृत्व में पुन्हाना सीआईए की टीम अपराध की रोकथाम के लिए गश्त पर थी । इसी दौरान सूचना मिली कि बीते साल अवैध हथियार अधिनियम सहित पुन्हाना शहर में ज्वेलरी दुकान में लूट के प्रयास की धाराओं में दर्ज एक मुकदमा में वांछित आरोपी आमिर पुत्र इस्माइल निवासी मोहम्मदी नंगला थाना छतारी जिला बुलंदशहर उत्तर प्रदेश खैचातान शिकरावा रोड होते हुए अपनी ससुराल गांव नई जाने वाला है । सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने शिकरावा रोड पर गांव खेचातान के पास नाकाबंदी शुरू कर दी ।
करीब 15–20 मिनट बाद एक मोटरसाइकिल पर सवार युवक पुलिस पार्टी की तरफ आता दिखाई दिया । पुलिस द्वारा रुकने का इशारा करने पर आरोपी ने मोटरसाइकिल तेज कर दी और पुलिस पार्टी पर जान से मारने की नियत से फायर कर दिया । गोली एएसआई दलवीर के सिर के पास से निकल गई । इसके बाद आरोपी पुन्हाना की तरफ भागने लगा, जिस पर पुलिस टीम ने सरकारी गाड़ी से पीछा किया और कंट्रोल रूम को सूचना देकर आगे नाकाबंदी कराने के निर्देश दिए ।
पीछा करते समय आरोपी नाहरपुर की तरफ जाने वाले रास्ते पर मुड़ गया, लेकिन कुछ दूरी पर उसकी मोटरसाइकिल का संतुलन बिगड़ गया और वह गिर पड़ा । पुलिस द्वारा आत्मसमर्पण की चेतावनी देने के बावजूद आरोपी ने दोबारा फायर कर दिया, जो गोली निरीक्षक के सिर के ऊपर से निकल गयी । पुलिस ने आत्मरक्षा में आरोपी के पैरों की तरफ फायर किया, जो गोली उसके दाहिने पैर में लगी और वह घायल होकर गिर पड़ा ।
पुलिस ने मौके पर ही आरोपी को काबू कर लिया और उसके पास से हथियार बरामद किया । पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम आमिर पुत्र इस्माइल निवासी मोहम्मदी नंगला, थाना छतारी जिला बुलंदशहर उत्तर प्रदेश बताया । घायल अवस्था को देखते हुए पुलिस ने मानवीय आधार पर तुरंत उसे सरकारी गाड़ी से सीएचसी पुन्हाना अस्पताल पहुंचाया । जहां से उसे मेडिकल कॉलेज नूंह में भर्ती कराया है ।
प्रेसवार्ता में बताया गया कि आरोपी ने नाकाबंदी तोड़कर पुलिस पार्टी पर फायर किया, जिस पर उसके खिलाफ विभिन्न धाराओं में थाना शहर पुन्हाना में केस दर्ज किया गया है । सीआईए पुन्हाना प्रभारी संदीप मोर के नेतृत्व में की गई यह कार्यवाही एक बड़ी सफलता है, क्योंकि आरोपी पिछले वर्ष से लूट प्रयास के मामलें में वांछित चल रहा था और उस पर पांच का इनाम घोषित था ।
मेघालय पुलिस हिरासत से आरोपी छुड़ाने का प्रयास, फायरिंग में युवक के पैर में लगी गोली
नूंह जिले के थाना पिनंगवा क्षेत्र में मेघालय पुलिस की टीम से गिरफ्तार आरोपी राहुल खान पुत्र मोहम्मद रफीक निवासी वाजीदपुर पिनगवां को छुड़ाने के प्रयास, सरकारी कार्य में बाधा डालने, पुलिस पार्टी पर हमला करने के दौरान पुलिस द्वारा आत्मरक्षा में की गई फायरिंग में एक युवक के पैर में गोली लगने के मामलें में 12 नामजद सहित अन्य लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है । घायल युवक को रोहतक पीजीआई में भर्ती कराया गया है जहां उसका स्वास्थ्य स्थिर है । मामलें में मेघालय पुलिस के एक अधिकारी के बयान पर पिनंगवा थाना पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धाराओं के अंतर्गत केस दर्ज किया गया है ।
इस मामलें में आयोजित प्रैसवार्ता में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नूंह आयुष यादव ने बताया कि मेघालय पुलिस के सब-इंस्पेक्टर अर्किडालांग वाहलांग, थाना ईस्ट खासी हिल्स मेघालय ने दी शिकायत में बताया कि उनकी टीम एटीएम लूट के मामलें में गिरफ्तार आरोपी राहुल पुत्र मोहम्मद रफीक निवासी वाजीदपुर को लेकर मेघालय ले जा रही थी । आरोपी को ट्रांजिट रिमांड पर लेकर जाते समय मंगलवार शाम को जब पुलिस टीम गांव सिकरावा के पास एच आर 93 डोंगा होटल के नजदीक पहुंची तो आरोपी ने वाहन रुकवाने की जिद की और अचानक स्टेयरिंग पकड़कर गाड़ी को पलटाने की कोशिश की, ताकि वह पुलिस हिरासत से भाग सके ।
इसी दौरान मौके पर 20-30 लोगों की भीड़ इकट्ठी हो गई, जिसमें कुछ महिलाएं भी शामिल थीं । भीड़ ने पुलिस वाहन को घेर लिया, गाड़ी की चाबी छीनने की कोशिश की और पुलिस के हथियार छीनने का प्रयास किया । स्थिति बिगड़ने पर पुलिस कर्मियों ने भीड़ को तितर-बितर करने के लिए आत्मरक्षा में फायरिंग की । इस दौरान सिकरावा निवासी तारीफ खान के पैर में गोली लग गई । पुलिस के अनुसार फायरिंग भीड़ को हटाने के उद्देश्य से की गई थी ।
शिकायत में बताया गया कि भीड़ में शामिल लोगों में नसीम पुत्र मो. रफीक, फारूख पुत्र मो. रफीक, मैमुना पत्नी नसीम, सहरुनी पत्नी राहुल, मुस्तकीम पुत्र इलियास, साहिद पुत्र अब्दुल राशिद, खुद्दी पुत्र रज्जाक, खालिद पुत्र असर खां निवासी वाजीदपुर, भुप्पत पुत्र सत्तार निवासी सिकरावा, जफर निवासी उमरी, तारीफ खान पुत्र हामिद निवासी सिकरावा तथा आरोपी राहुल सहित अन्य लोग शामिल थे, जिन्होंने मिलकर पुलिस पार्टी पर हमला किया और आरोपी को छुड़ाने की कोशिश की ।
घटना की सूचना मिलने पर पिनंगवा पुलिस मौके पर पहुंची, जहां से दो खाली कारतूस, खून के नमूने और खून से सनी पैंट बरामद की गई । एफएसएल व जांच टीम ने मौके का निरीक्षण कर साक्ष्य एकत्र किए । मेघालय पुलिस के सब-इंस्पेक्टर की शिकायत और मौके की जांच के आधार पर 12 नामजद आरोपियों सहित अन्य के खिलाफ मामला दर्ज किया गया ।
आरोपी राहुल उपरोक्त वारदात के अतिरिक्त मुकदमा नं. 635/2020 थाना द्वारका, मुकदमा नं. 930/2020 थाना डाबरी एवं मुकदमा नं. 221/2021 स्पैशल सैल मेघालय एटीएम काटने की वारदातों में भी वांछित है तथा आरोपी राहुल ने असम और अरूणाचल प्रदेश में भी एटीएम काटने की वारदातों को अंजाम दिया है ।
प्रेस वार्ता में पुलिस अधीक्षक ने बताया कि जिस युवक के पैर में गोली थी, उसे रोहतक पीजीआई में भर्ती कराया है वहां पर उसकी हालत अब स्थिर है जबकि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अलग-2 टीमों का गठन कर दबिश दी जा रही है ।

