Nuh Police Encounter : नूंह में पुलिस और गो-तस्करों के बीच मुठभेड़, पैर में गोली लगने से एक घायल, दो फरार
एम्बुलेंस लिखी ईको कार में क्रूरता से भरकर ले जा रहे थे 4 गोवंश, पुलिस ने किया बरामद
Nuh Police Encounter : हरियाणा के नूंह जिले में मंगलवार तड़के पुलिस और गो-तस्करों के बीच हुई सीधी मुठभेड़ में एक आरोपी पैर में गोली लगने से घायल हो गया। वहीं, पुलिस टीम को चकमा देकर उसके दो साथी मौके से फरार होने में कामयाब रहे। तस्कर गोवंश को छिपाने के लिए 'एम्बुलेंस' लिखी ईको कार का इस्तेमाल कर रहे थे। पुलिस ने गाड़ी से क्रूरतापूर्वक बांधकर रखे गए चार गोवंशों को सुरक्षित मुक्त करा लिया है।
जानकारी के अनुसार, नूंह सीआईए प्रभारी महेंद्र सिंह के नेतृत्व में एक विशेष टीम ने मंगलवार सुबह नूंह-उटावड़ रोड पर गांव जयसिंहपुर के पास नाकेबंदी की थी। पुलिस को पुख्ता इनपुट मिला था कि एक संदिग्ध वाहन में गोवंश की तस्करी की जा रही है। इसी दौरान पुलिस को एक ईको कार आती दिखाई दी, जिस पर 'एम्बुलेंस' लिखा हुआ था। संदेह होने पर जब पुलिस टीम ने गाड़ी को रुकने का इशारा किया, तो उसमें सवार आरोपियों ने पुलिस पर सीधी फायरिंग झोंक दी।
जवाबी कार्रवाई में आरोपी ढेर, दो की तलाश जारी
पुलिस ने भी आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक आरोपी के दोनों पैरों में गोली लगी और वह वहीं गिर गया। घायल आरोपी की पहचान उटावड़ निवासी हमास खान (पुत्र खुर्शीद) के रूप में हुई है। उसे तुरंत इलाज के लिए नूंह के शहीद हसन खान मेवाती मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।
पुलिस ने मुठभेड़ स्थल से एक अवैध देसी कट्टा, तीन खाली खोल, दस जिंदा कारतूस और तस्करी में इस्तेमाल ईको कार जब्त की है। नूंह सदर थाना पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है और फरार दो अन्य तस्करों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है।

