नूंह : किसानों के साथ अन्याय बर्दाश्त नहीं : राव नरेंद्र सिंह
कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष ने किया नूंह व तावड़ू की मंडियों का दौरा
हरियाणा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह मंगलवार को नूंह जिले के दौरे पर पहुंचे, जहां उन्होंने तावड़ू और नूंह अनाज मंडियों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने किसानों, आढ़तियों और व्यापारियों से सीधे संवाद कर फसल खरीद से जुड़ी समस्याओं को सुना। उनके साथ विधायक आफताब अहमद, जिला अध्यक्ष शाहिद खान सहित कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।
तावड़ू अनाज मंडी में निरीक्षण के दौरान किसानों ने फसल की नमी जांच को लेकर गंभीर शिकायतें उठाईं। किसानों का कहना था कि सरकारी खरीद एजेंसी की मशीन और व्यापारियों की मशीन में नमी के आंकड़ों में बड़ा अंतर आ रहा है। मौके पर ही दो अलग-अलग मशीनों से जांच कराई गई, जिसमें सरकारी मशीन ने लगभग 14 प्रतिशत नमी दिखाई, जबकि व्यापारियों की मशीन में यह करीब 9 प्रतिशत पाई गई।
इस अंतर को लेकर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने सवाल उठाते हुए इसे किसानों के साथ अन्याय बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार जानबूझकर ऐसी शर्तें लगा रही है जिससे किसानों की फसल खरीदी न जाए और उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़े। उन्होंने कहा कि नमी के नाम पर किसानों को परेशान करना और फसल खरीद में अड़चन डालना सरकार की गलत नीति को दर्शाता है।
उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार न्यूनतम समर्थन मूल्य पर खरीद सुनिश्चित नहीं कर रही और विभिन्न शर्तों के बहाने किसानों की फसल लेने से बच रही है। साथ ही उन्होंने बेमौसमी बारिश को लेकर सरकार के मंत्रियों के बयानों पर भी सवाल उठाए और कहा कि ऐसी परिस्थितियां किसानों को दोहरी मार दे रही हैं।
राज्यसभा चुनाव में क्रॉस वोटिंग करने वाले विधायकों पर होगी कार्रवाई
राज्यसभा चुनाव में हुई क्रॉस वोटिंग के मुद्दे पर भी उन्होंने कड़ा रुख दोहराया। उन्होंने कहा कि जिन विधायकों ने पार्टी के खिलाफ जाकर मतदान किया है, उनके खिलाफ रिपोर्ट तैयार कर ली गई है और मामला पार्टी हाईकमान को भेज दिया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि अनुशासन समिति इस मामले में कार्रवाई करेगी और जल्द ही इसका परिणाम सामने आएगा। नूंह से कांग्रेस विधायक आफताब अहमद, कांग्रेस जिला अध्यक्ष शहीदा खान ने भी विचार व्यक्त किये।
इस दौरान उनके साथ कांग्रेस नेता अख्तर हुसैन, इब्राहिम इंजीनियर बिसरू, हाजी सुबराती, साजिद सरपंच रेवासन, शाहीन शम्स, अजहरुद्दीन व गुरुग्राम कांग्रेस शहर जिला अध्यक्ष पंकज डावर सहित कई कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

