बरवाला रोड से सैनिक स्कूल जाने वाली सड़क के निर्माण में घटिया सामग्री प्रयोग करने की शिकायत पर
एसडीएम राजेश खोथ ने तुरंत निर्माण सामग्री के सैंपल भरने तथा लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को एक माह के अंदर टूटी सड़क की मरम्मत करने के निर्देश दिए। एसडीएम राजेश खोथ बृहस्पतिवार को जिला सचिवालय परिसर में आयोजित समाधान शिविर में जन समस्याएं सुन रहे थे। उन्होंने जन स्वास्थ्य तथा सिंचाई विभाग के एसडीओ की एक संयुक्त टीम गठित करते हुए निर्देश दिए कि सड़क निर्माण ने प्रयुक्त सामग्री के सैंपल भरवा कर लैब में भेजें। समाधान शिविर में जन स्वास्थ्य विभाग से संबंधित एक समस्या को सुनते हुए एसडीएम राजेश खोथ ने विभाग के अधिकारियों को बुलाया लेकिन वहां विभाग का कोई भी अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित नहीं था। एसडीएम ने तुरंत विभाग के उच्च अधिकारियों से मोबाइल के जरिए बातचीत की। वहां पता चला कि जेई की ड्यूटी समाधान शिविर में लगाई गई है और कार्यालय से वह समाधान शिविर के लिए ही गए हैं। एसडीएम ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित जेई को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि इस तरह की लापरवाही को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। शेखपुरा गांव निवासी सुरेश कुमार ने फसल अवशेष प्रबंधन योजना के तहत उपलब्ध करवाई जाने वाली प्रोत्साहन राशि दिलवाने की मांग रखी। कृषि विभाग के अधिकारियों ने बताया कि इस योजना के तहत राशि जारी की जा रही है। काफी किसानों के बैंक खाते में राशि डाली जा चुकी है। बाकी किसानों के खातों में भी जल्द योजना के तहत उपलब्ध करवाई जाने वाली राशि डाली जाएगी।

