जनसमस्याओं के समाधान में कोई ढिलाई या देरी नहीं होगी बर्दाश्त
मुख्यमंत्री के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के बाद डीसी ने अधिकारियों को दिए निर्देश
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने आज सीएम विंडो पोर्टल पर विभिन्न विभागों के कार्य प्रदर्शन और जनता की शिकायतों के निवारण को लेकर वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए समीक्षा बैठक की। जिला महेंद्रगढ़ की तरफ से जिला उपायुक्त अनुपमा अंजली ने जिले की प्रगति रिपोर्ट मुख्यमंत्री के सामने रखी। इस दौरान उनके साथ पुलिस अधीक्षक दीपक भी मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के बाद उपायुक्त ने सभी संबंधित अधिकारियों की एक बैठक ली। बैठक में उन्होंने मुख्यमंत्री द्वारा दिए गए दिशा-निर्देशों से सभी को अवगत कराया और स्पष्ट किया कि जनसमस्याओं के समाधान में किसी भी स्तर पर ढिलाई या देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जिला उपायुक्त ने कहा कि सीएम विंडो सरकार का एक बेहद पारदर्शी माध्यम है, जिसने जनता की समस्याओं को सीधे सरकार तक पहुंचाने का काम किया है। ऐसे में इस पोर्टल पर आने वाली शिकायतों को अधिकारी अपनी सर्वोच्च प्राथमिकता में शामिल करें।
उपायुक्त ने कहा कि न केवल सीएम विंडो, बल्कि सरकार द्वारा जनता की सुविधा के लिए जितने भी डिजिटल शिकायत निवारण प्लेटफार्म तैयार किए गए हैं, उन सभी पर आने वाली शिकायतों को लेकर विशेष गंभीरता बरती जाए। डीसी ने कहा कि सीएम विंडो पोर्टल आम जनता के लिए बेहद कारगर है क्योंकि इसके जरिए कोई भी नागरिक अपनी शिकायत सीधे मुख्यमंत्री कार्यालय तक पहुंचा सकता है। डिजिटल और पारदर्शी व्यवस्था होने के कारण शिकायतकर्ता घर बैठे अपनी शिकायत को ट्रैक कर सकते हैं, जिससे दफ्तरों के चक्कर काटने की जरूरत नहीं पड़ती और तय समय-सीमा में जवाबदेही तय होने से लोगों को त्वरित न्याय मिलता है। उन्होंने निर्देश दिए कि हर शिकायत का समाधान तय समय सीमा के भीतर होना चाहिए और अधिकारी शिकायतकर्ता की संतुष्टि को प्राथमिकता दें। उन्होंने निर्देश दिए कि यदि किसी भी विभाग ने जन-शिकायतों के निपटारे में लापरवाही बरती तो संबंधित अधिकारी के खिलाफ सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
इस मौके पर एडीसी तरुण कुमार पावरिया, एसडीएम नारनौल अनिरुद्ध यादव, एसडीएम महेंद्रगढ़ योगेश सैनी, सीईओ जिला परिषद निर्मल नागर, एसडीएम कनीना डॉ जितेंद्र सिंह, एसडीएम नांगल चौधरी उदय सिंह तथा डीएमसी रणवीर सिंह के अलावा अन्य अधिकारी भी मौजूद थे।
