आरटीसी भौंडसी में राष्ट्रीय टैंट पेगिंग घुड़सवारी प्रतियोगिता का शानदार शुभारंभ
रिक्रूट प्रशिक्षण केंद्र (आरटीसी) भौंडसी में मंगलवार को राष्ट्रीय टैंट पेगिंग घुड़सवारी प्रतियोगिता का भव्य आगाज हुआ। प्रतियोगिता के उद्घाटन अवसर पर अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक, पुलिस परिसर भौंडसी एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो हरियाणा की प्रमुख चारुबाली मुख्य अतिथि के रूप...
रिक्रूट प्रशिक्षण केंद्र (आरटीसी) भौंडसी में मंगलवार को राष्ट्रीय टैंट पेगिंग घुड़सवारी प्रतियोगिता का भव्य आगाज हुआ। प्रतियोगिता के उद्घाटन अवसर पर अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक, पुलिस परिसर भौंडसी एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो हरियाणा की प्रमुख चारुबाली मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं।
मुख्य अतिथि चारुबाली ने प्रतियोगिता का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि टैंट पेगिंग साहस, कौशल, अनुशासन और संतुलन का अद्भुत संगम है। यह ऐसा खेल है, जिसमें घुड़सवार को तेज गति से घोड़े पर नियंत्रण रखते हुए लक्ष्य पर सटीक प्रहार करना होता है। उन्होंने खिलाड़ियों को शारीरिक क्षमता के साथ-साथ मानसिक दृढ़ता बनाए रखने की सलाह दी और कहा कि यह खेल एकाग्रता और आत्मविश्वास की भी कड़ी परीक्षा लेता है।
चारुबाली ने सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं देते हुए खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने और सुरक्षा नियमों का पूर्ण पालन करते हुए अपने-अपने संस्थानों की गरिमा बनाए रखने का आह्वान किया।
इससे पूर्व ब्रिगेडियर संदीप सिंह कश्यप ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया और प्रतियोगिता की जानकारी दी। प्रतियोगिता में देशभर से राज्य पुलिस, सेना एवं अर्धसैनिक बलों की कुल 17 टीमें भाग ले रही हैं। विभिन्न वर्गों में लॉन्स, तलवार, रिंग एंड पेग तथा लेमन एंड पेग जैसी रोमांचक स्पर्धाएं कराई जाएंगी, जो घुड़सवारों के कौशल और प्रशिक्षण की सशक्त झलक पेश करेंगी।
उद्घाटन समारोह में पुलिस महानिरीक्षक, विशेष कार्य बल हरियाणा बी. सतीश बालन, पुलिस महानिरीक्षक आरटीसी भौंडसी नाजनीन भसीन, पुलिस महानिरीक्षक केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल एस.के. शर्मा, द्वितीय वाहिनी आईआरबी के कमांडेंट धर्मबीर सिंह सहित अनेक वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। प्रतियोगिता के पहले दिन खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन ने दर्शकों को रोमांचित कर दिया।

