होटल बुलाकर राष्ट्रीय स्तर की शूटर से रेप, कोच सस्पेंड
नेशनल स्तर की महिला शूटर के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। आरोप है कि उसके कोच ने परफॉर्मेंस की समीक्षा के बहाने उसे होटल के कमरे में बुलाया और वहां उसके साथ दुष्कर्म किया। कोच ने घटना के...
नेशनल स्तर की महिला शूटर के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। आरोप है कि उसके कोच ने परफॉर्मेंस की समीक्षा के बहाने उसे होटल के कमरे में बुलाया और वहां उसके साथ दुष्कर्म किया। कोच ने घटना के बारे में किसी को बताने पर उसका करियर खत्म करने और परिवार को नुकसान पहुंचाने की धमकी भी दी। वह 21 दिन तक सदमे में रही। 17 वर्षीय पीड़िता ने अपनी मां को पूरी घटना बताई। इसके बाद उसकी मां पुलिस के पास पहुंची और कोच के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई। पुलिस ने पोक्सो एक्ट की धाराओं में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। एफआईआर के बाद नेशनल शूटिंग कोच को फेडरेशन ने सस्पेंड कर दिया। पुलिस को दी शिकायत में पीड़िता की मां ने बताया कि 16 दिसंबर को दक्षिण दिल्ली के तुगलकाबाद स्थित डॉ. करणी सिंह शूटिंग रेंज में राष्ट्रीय स्तर की शूटिंग प्रतियोगिता चल रही थी। शूटर प्रतियोगिता में हिस्सा लेने के लिए वहां गई थी। मैच खत्म होने के बाद कोच ने कथित तौर पर उसकी बेटी को फरीदाबाद के सूरजकुंड स्थित एक होटल की लॉबी में मिलने के लिए बुलाया। कोच वहां ठहरा हुआ था, उसने बहाना बनाया कि प्रतियोगिता में परफॉर्मेंस को लेकर चर्चा करनी है। जब शूटर होटल पहुंची तो कोच ने उस पर कमरे में चलने का दबाव डाला। आरोप है कि कमरे में पहुंचते ही कोच ने उसके साथ दुष्कर्म किया और उसे धमकाया। युवा शूटर पिछले साल अगस्त से भारद्वाज के साथ ट्रेनिंग कर रही थी। उसने कहा कि वह इस घटना से सदमे में है और उसने एक जनवरी को अपनी मां को इसके बारे में बताया।
भारत की शूटिंग कोचिंग टीम के सदस्य अंकुश भारद्वाज को आरोप के बाद नेशनल फेडरेशन ने सस्पेंड कर दिया है। नेशनल राइफल एसोसिएशन ऑफ इंडिया (एनआरएआई) ने इसकी पुष्टि की और कहा फरीदाबाद में भारद्वाज के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। नेशनल राइफल एसोसिएशन ऑफ इंडिया (एनआरएआई) के सचिव राजीव भाटिया ने बताया कि उन्हें सस्पेंड कर दिया है और हम उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी करेंगे। उन्हें नैतिक आधार पर सस्पेंड किया गया है। जांच पूरी होने तक वह किसी भी कोचिंग गतिविधि में शामिल नहीं होंगे।

