नमो क्रिकेट लीग -प्रधानमंत्री मोदी के साथ मजबूती से खड़ा है युवा : तरुण भंडारी
खिलाड़ियों का बढ़ाया उत्साह, नशे से दूर रहने और खेलों से जुड़ने का किया आह्वान
फरीदाबाद में गौंछी स्थित ब्लू वर्ल्ड क्रिकेट ग्राउंड में नमो क्रिकेट लीग -2026 का आयोजन किया गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी की ओर से 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ आयोजित किया जा रहा है। इसी कड़ी में रविवार को लीग के दूसरे दिन मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के राजनीतिक सलाहकार तरुण भंडारी ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की और खिलाड़ियों से मुलाकात कर उनका उत्साहवर्धन किया।
इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष पंकज पूजन रामपाल, जिला उपाध्यक्ष गोल्डी अरोड़ा, युवा समाजसेवी पारस राय और उनकी टीम ने तरुण भंडारी का फूलों का गुलदस्ता भेंट कर स्वागत किया।
नमो क्रिकेट लीग- नशे से दूर रहकर खेलों से जुड़ने का आह्वान
तरुण भंडारी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर देशभर में सामाजिक और धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि नमो क्रिकेट लीग का उद्देश्य युवाओं को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करना और उन्हें नशे जैसी सामाजिक बुराई से दूर रखना है।
दिल्ली विश्वविद्यालय छात्रसंघ चुनाव के परिणामों का उल्लेख करते हुए भंडारी ने कहा कि एबीवीपी ने चार केंद्रीय पदों में से तीन पर जीत दर्ज की है, जबकि उपाध्यक्ष पद निर्दलीय उम्मीदवार ने जीता। उन्होंने इसे युवाओं की राजनीतिक भागीदारी से जोड़ते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति युवा समर्थन का दावा किया। उन्होंने केंद्र और हरियाणा सरकार की उपलब्धियों का भी उल्लेख किया।
सेवा संकल्प अभियान के तहत हो रहा आयोजन
भाजपा जिलाध्यक्ष पंकज पूजन रामपाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का सार्वजनिक जीवन सेवा, समर्पण और राष्ट्रहित की भावना से प्रेरित रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा ‘सेवा संकल्प अभियान’ को सेवा, समर्पण और जनभागीदारी के पर्व के रूप में आयोजित कर रही है।
जिला उपाध्यक्ष, भाजयुमो प्रभारी एवं युवा समाजसेवी पारस राय ने बताया कि नमो क्रिकेट लीग चार राज्यों में आयोजित की जा रही है। फरीदाबाद में 92 टीमें इसमें भाग ले रही हैं। चार दिन चलने वाली प्रतियोगिता की विजेता टीम चंडीगढ़ में होने वाले फाइनल मुकाबले में हिस्सा लेगी।
इस अवसर पर मनीष बत्रा, हेमंत ऐरी, कपिल केला, आशीष माटा, सागर दुआ, ध्रुव कुमार, मनन और सनकी सहित अन्य युवा मौजूद रहे।

