मल्टी स्टोरी लाइब्रेरी बनाने का मॉडल टाउन वासियों ने किया विरोध
मॉडल टाउन निवासियों ने मॉडल टाउन कॉलोनी, हिसार में पार्क की आरक्षित भूमि पर मुंशी प्रेमचंद रीडिंग रूम एंड लाइब्रेरी के ध्वस्तीकरण तथा प्रस्तावित मल्टीस्टोरी लाइब्रेरी भवन के निर्माण को तत्काल रोकने तथा सरकारी स्कूल को नियमों के अनुसार बनाने...
मॉडल टाउन निवासियों ने मॉडल टाउन कॉलोनी, हिसार में पार्क की आरक्षित भूमि पर मुंशी प्रेमचंद रीडिंग रूम एंड लाइब्रेरी के ध्वस्तीकरण तथा प्रस्तावित मल्टीस्टोरी लाइब्रेरी भवन के निर्माण को तत्काल रोकने तथा सरकारी स्कूल को नियमों के अनुसार बनाने को लेकर हरियाणा के मुख्यमंत्री को एक पत्र लिखकर इसकी मांग उठाई है।
कालोनी वासी प्रवीन अग्रवाल, पवन कुमार गोयल, इंदू मेेहता, संजय कुमार, अनिल मेहता व अन्य निवासियों ने इस बहुमंजिला लाइब्रेरी का विरोध करते हुए कहा कि यह निर्माण कॉलोनी की मूल योजना के विपरीत है जिससे यहां गंभीर समस्याएं उत्पन्न हो रही हैं। घिरे हुए आवासीय क्षेत्र में प्राकृतिक रोशनी तथा ताजी हवा का आवागमन पूरी तरह बाधित हो जाएगा, जिससे निवासियों एवं स्कूल के छात्रों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ेगा। बच्चों तथा बुजुर्गों के लिए खेलने टहलने की एकमात्र खुली जगह पूरी तरह छिन जाएगी।
उन्होंने कहा कि घनी आबादी वाले इस क्षेत्र में ऊंची इमारत का निर्माण पर्यावरणीय संतुलन को बिगाड़ेगा तथा ट्रैफिक व पार्किंग की समस्याओं को और बढ़ावा देगा। लोगों ने सीएम से गुहार लगाई कि इस मामले में तुरंत हस्तक्षेत्र करके निर्माण को रुकवाया जाए।

