मनरेगा केवल योजना नहीं, गांवों की रोजी-रोटी की रीढ़ है : बलजीत कौशिक
मनरेगा बचाओ संग्राम के तहत अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर फरीदाबाद जिला कांग्रेस कमेटी ने जिला अध्यक्ष बलजीत कौशिक की अध्यक्षता में जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सेक्टर-12 स्थित पेट्रोल पंप से पैदल मार्च निकालते हुए...
मनरेगा बचाओ संग्राम के तहत अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर फरीदाबाद जिला कांग्रेस कमेटी ने जिला अध्यक्ष बलजीत कौशिक की अध्यक्षता में जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सेक्टर-12 स्थित पेट्रोल पंप से पैदल मार्च निकालते हुए जिला उपायुक्त कार्यालय तक पहुंचकर महामहिम राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा। उपायुक्त की अनुपस्थिति में यह ज्ञापन एसडीएम अमित कुमार को सौंपा गया।
इस अवसर पर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष बलजीत कौशिक ने कहा कि मनरेगा केवल एक सरकारी योजना नहीं, बल्कि गांवों की रोजी-रोटी, सम्मान और आत्मनिर्भरता की रीढ़ है। यह कांग्रेस सरकार की ऐतिहासिक रोजगार गारंटी योजना रही है, जिसने ग्रामीण मजदूरों, किसानों और गरीब परिवारों को सम्मान के साथ काम करने का अधिकार दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार नए नियमों के जरिए इस अधिकार को कमजोर कर ग्रामीण भारत की कमर तोड़ने की साजिश कर रही है।
मनरेगा अधिनियम की मूल भावना खत्म करने की कोशिश: बलजीत कौशिक
बलजीत कौशिक ने कहा कि सवाल योजना का नाम बदलने का नहीं है, बल्कि मनरेगा अधिनियम की मूल भावना को खत्म करने का है। नए प्रावधानों के तहत रोजगार की कानूनी गारंटी कमजोर की जा रही है। उन्होंने कहा कि यूपीए सरकार के समय मनरेगा के लिए 90 प्रतिशत राशि केंद्र सरकार वहन करती थी, जिसे अब घटाकर 60:40 कर दिया गया है, जिससे कमजोर आर्थिक स्थिति वाले राज्यों पर गंभीर असर पड़ेगा।
उन्होंने स्पष्ट किया कि जब तक केंद्र सरकार इन जनविरोधी नियमों को वापस नहीं लेती, कांग्रेस पार्टी सड़क से लेकर संसद तक इस लड़ाई को पूरी ताकत से लड़ेगी। मनरेगा बचेगा तभी गांव बचेगा और यह संघर्ष लगातार जारी रहेगा।
इस मौके पर हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी विचार विभाग के अध्यक्ष विनोद कौशिक, प्रदेश प्रवक्ता योगेश ढींगड़ा, पूर्व पार्षद राजेंद्र चपराना, वरिष्ठ नेता अशोक रावल, संजय सोलंकी, रेनू चौहान, वेद प्रकाश यादव, अनिल शर्मा, मनोज अग्रवाल, गौरव ढींगड़ा, चुन्नू राजपूत सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।

