फायर ब्रिगेड कर्मियों की हड़ताल को विधायक आफताब ने दिया समर्थन
कहा- सरकार की ओर से कर्मचारियों की नहीं की जा रही सुनवाई
fire department employees protest : जिले में फायर ब्रिगेड कर्मचारियों ने शनिवार को अपनी विभिन्न मांगों को लेकर सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। इस दौरान स्थानीय विधायक चौधरी आफताब अहमद मौके पर पहुंचे और कर्मचारियों की मांगों का समर्थन किया।
प्रदर्शन के दौरान कर्मचारियों ने 16 फरवरी को फरीदाबाद में हुई फैक्ट्री ब्लास्ट घटना में मृतकों को शहीद का दर्जा देने की मांग उठाई। साथ ही मृतकों के परिजनों को सरकारी नौकरी और उचित मुआवजा देने की अपील की गई। कर्मचारियों का कहना है कि घटना के बाद भी पीड़ित परिवारों को अब तक न्याय नहीं मिल पाया है।
कर्मचारियों ने बताया कि 9 अप्रैल को उनका एक प्रतिनिधिमंडल मंत्री से मिला था, लेकिन कोई ठोस आश्वासन नहीं मिलने के कारण उन्हें हड़ताल जारी रखनी पड़ी। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही सरकार बातचीत के लिए आगे नहीं आती है, तो आंदोलन को अनिश्चितकालीन हड़ताल में बदला जा सकता है। प्रदर्शनकारी कर्मचारियों ने पे-रोल व्यवस्था में सुधार और जोखिम भत्ता लागू करने की भी मांग की। उनका कहना है कि यदि उनकी मांगों को नजरअंदाज किया गया, तो अन्य कर्मचारी यूनियन भी इस आंदोलन में शामिल हो सकती हैं। विधायक चौधरी आफताब अहमद ने कर्मचारियों को आश्वासन दिया कि वे उनकी मांगों को सरकार के समक्ष मजबूती से उठाएंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार कर्मचारियों के हितों के खिलाफ काम कर रही है और उनकी मांगों पर तुरंत सकारात्मक निर्णय लिया जाना चाहिए।

