जिले के गांव सतपुतियाका में बृहस्पतिवार को इनेलो का जिलास्तरीय युवा सम्मेलन उत्साह और जोश के साथ आयोजित किया गया। सम्मेलन की अध्यक्षता इनेलो जिलाध्यक्ष चौधरी ताहिर हुसैन ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में इनेलो के युवा राष्ट्रीय अध्यक्ष कर्ण सिंह चौटाला ने शिरकत की। सम्मेलन में युवाओं ने कर्ण सिंह चौटाला का जोरदार स्वागत किया। गांव अड़बर से सतपुतियाका स्थित हाजी बख्शी मेमोरियल स्कूल तक युवाओं ने कर्ण चौटाला को ट्रैक्टर पर बैठाकर बाइक के काफिले और गाजे-बाजे के साथ कार्यक्रम स्थल तक पहुंचाया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कर्ण चौटाला ने कहा कि मेवात क्षेत्र ने हमेशा इनेलो का साथ दिया है और पार्टी को मजबूती दी है। चौधरी देवीलाल और चौधरी ओमप्रकाश चौटाला के समय से मेवात से परिवार के विशेष लगाव का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि अभय चौटाला भी इस क्षेत्र के विकास को लेकर हमेशा चिंतित रहते हैं। उन्होंने कहा कि युवा देश और प्रदेश का भविष्य हैं। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे तय करें कि प्रदेश में इनेलो की लायक सरकार बनानी है या फिर भाजपा और कांग्रेस को मौका देना है। कर्ण सिंह चौटाला ने जिलाध्यक्ष चौधरी ताहिर हुसैन की सराहना करते हुए कहा कि वे एक जननेता हैं और हमेशा लोगों के सुख-दुख में साथ खड़े रहते हैं। कर्ण चौटाला ने 6 फरवरी को नरवाना में आयोजित होने वाले इनेलो के युवा महा सम्मेलन में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने का निमंत्रण भी दिया। वहीं जिलाध्यक्ष चौधरी ताहिर हुसैन ने कहा कि इनेलो ही एकमात्र ऐसी पार्टी है जो अभय चौटाला के नेतृत्व में प्रदेश के हर वर्ग किसान, मजदूर और युवा की लड़ाई लड़ रही है।
+
Advertisement
Advertisement
Advertisement
×

