उन्नतशील किसान क्लब की बैठक: किसानों को आधुनिक खेती और निवेश की दी जानकारी
उन्नतशील किसान क्लब गुरुग्राम की मासिक बैठक बुधवार को वजीरपुर निवासी डॉ. विजय सिंह चौहान नंबरदार के कार्यालय में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता क्लब के चेयरमैन राव मानसिंह ने की। इसमें क्षेत्र के कई प्रगतिशील किसानों ने भाग...
उन्नतशील किसान क्लब गुरुग्राम की मासिक बैठक बुधवार को वजीरपुर निवासी डॉ. विजय सिंह चौहान नंबरदार के कार्यालय में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता क्लब के चेयरमैन राव मानसिंह ने की। इसमें क्षेत्र के कई प्रगतिशील किसानों ने भाग लिया और विशेषज्ञों से खेती से जुड़े विषयों पर जानकारी प्राप्त की।
बैठक में बागवानी विभाग के विशेषज्ञ डॉ. अब्दुल रज्जाक ने किसानों को फल उत्पादन, सब्जियों की उन्नत खेती और पशुपालन की आधुनिक तकनीकों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने किसानों को सरकार की ओर से चलाई जा रही बागवानी योजनाओं, अनुदान और इनका लाभ लेने की प्रक्रिया के बारे में भी बताया।
इस अवसर पर गढ़ी नत्थेखां निवासी किसान सुखबीर तंवर ने बरसात के मौसम में बढ़ रही सर्पदंश की घटनाओं को देखते हुए किसानों को सावधानी बरतने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि खेतों में जाते समय जूते पहनने और टॉर्च का प्रयोग करने जैसी सावधानियां बरतनी चाहिए। उन्होंने बताया कि सांप के काटने की स्थिति में घरेलू उपचार के बजाय तुरंत अस्पताल पहुंचना चाहिए।
बैठक में वित्त मंत्रालय के कृषि विंग से पहुंचे गुलशन गोयल ने किसानों को स्मार्ट इन्वेस्टर अवेयरनेस के बारे में जागरूक किया। उन्होंने किसानों को बचत, बीमा योजनाओं और सही स्थान पर निवेश के लाभों की जानकारी दी।

