दिल्ली में शराब पिलाने के बाद पत्थर मारकर की थी हत्या, 2 दोस्त गिरफ्तार
ट्रेन के बाथरूम में मिला था युवक का शव
रेलवे स्टेशन पर ट्रेन के बाथरूम में युवक कर्ण सिंह के शव मिलने के मामले में जीआरपी ने हत्या के आरोप में उसके दो दोस्तों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों ने पुरानी रंजिश के चलते दिल्ली रेलवे स्टेशन पर कर्ण सिंह की हत्या की और शव को ट्रेन के बाथरूम में रख दिया था। रेलवे स्टेशन पर लोगों ने ट्रेन के बाथरूम में शव पड़ा होने की सूचना जीआरपी को दी। पुलिस ने लावारिश समझकर शव का पोस्टमार्टम कराया और फिर अंतिम संस्कार करा दिया। जब मृतक की पहचान गाजियाबाद के नंदग्राम की बाल्मीकि बस्ती का 22 वर्षीय कर्ण सिंह के रूप में हुई तो जांच का दायरा बढ़ा दिया गया। बृहस्पतिवार को जीआरपी एसएचओ कृष्ण कुमार ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए हत्याकांड का खुलासा करते हुए कहा कि पुलिस ने मृतक के परिजनों से कुछ तथ्य एकत्रित किये और कड़ी से कड़ी जोड़ते हुए आरोपियों तक जा पहुंची। उन्होंने बताया कि कर्ण सिंह का 9 फरवरी को दोस्त रणजीत के साथ जुआ खेलने को लेकर विवाद हो गया था। जिसे रणजीत ने रंजिश में बदल दिया। उसने अपने दोस्त साहिबाबाद के सुरेश, मेरठ के आयान, गिढ़ोह के विनोद कुमार के साथ मिलकर कर्ण सिंह की हत्या का प्लान बनाया। वे कर्ण सिंह को 12 फरवरी को अपने साथ पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन
पर ले गए। उन्होंने कर्ण सिंह को एक ट्रेन में बैठाकर पहले जमकर शराब पिलाई। तत्पश्चात उसे रेलवे लाइन पर ले जाकर वहां पड़े पत्थरों से गंभीर चोटें मारकर उसकी हत्या कर दी। आरोपियों ने पहले शव को रेलवे ट्रेक पर रखने की योजना बनाई ताकि यह एक्सीडेंट दिखाई दे। लेकिन बाद उन्होंने प्लान को बदला और फिर कर्ण सिंह के शव को सुबह दिल्ली से रेवाड़ी जाने वाली पेसेंजर ट्रेन के बाथरूम में पटक दिया। पुलिस ने दो आरोपियों रणजीत व विनोद कुमार को गिरफ्तार कर लिया।

