घर में चोरी करने के शक में नौकरानी से थर्ड डिग्री टॉर्चर
घर में चोरी के शक में जांच के बहाने सेक्टर-85 क्राइम ब्रांच पर नौकरानी के साथ थर्ड डिग्री के प्रयोग का आरोप लगा है। जब कुछ जानकारी हाथ नहीं लगी तो महिला को वापस उसके घर छोड़ दिया। महिला की...
घर में चोरी के शक में जांच के बहाने सेक्टर-85 क्राइम ब्रांच पर नौकरानी के साथ थर्ड डिग्री के प्रयोग का आरोप लगा है। जब कुछ जानकारी हाथ नहीं लगी तो महिला को वापस उसके घर छोड़ दिया। महिला की आपबीती सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है। बीपीटीपी पुलिस को मामले की शिकायत दी है। बीपीटीपी थाना पुलिस को दी शिकायत में महिला ने बताया कि वह सेक्टर-85 में एक निर्माणाधीन इमारत की चौकीदारी करती है और पति के साथ उसी में रहती भी है। टीडीआई सोसायटी में सोमवार को एक घर में चोरी हो गई थी। वे अपने फ्लैट का ताला लगाकर वृंदावन गए थे। महिला उनके यहां बर्तन मांझने का काम करती है। घर के लोग महिला को बताकर गये थे कि वे वृंदावन जा रहे हैं। इसके चलते उसके ऊपर चोरी का संदेह जताया था। पुलिस को दी शिकायत में बताया गया कि मंगलवार शाम को सेक्टर-85 क्राइम ब्रांच ने महिला को हिरासत में लिया। महिला का कहना है कि पुरुष पुलिसकर्मियों ने थर्ड डिग्री का प्रयोग किया। वहां केवल एक महिला पुलिसकर्मी मौजूद थी। महिला का आरोप है कि पुलिस कर्मियों ने छत से बंधी रस्सी में उसके हाथ बांधकर हवा में लटका दिया और 10 मिनट तक लटकाकर रखा। उसके साथ गाली-गलौज और मारपीट भी की गई। बीपीटीपी थाना प्रभारी अरविंद का कहना है कि महिला की तरफ से शिकायत मिली है। उसकी जांच की जा रही है। उधर क्राइम ब्रांच प्रभारी का कहना है कि हमने महिला को बुलाया था और केवल पूछताछ की थी। थर्ड डिग्री वाले आरोप गलत हैं।

