रोहतक के सिद्ध शिरोमणि बाबा मस्तनाथ जी की पुण्य स्मृति में अस्थल बोहर स्थित बाबा मस्तनाथ मठ में सोमवार को तीन दिवसीय वार्षिक मेले का विधिवत शुभारंभ हुआ। पहले दिन ही हजारों श्रद्धालु मठ पहुंचे और समाधि मंदिर में मत्था टेककर सुख-समृद्धि की कामना की।
सुबह लगभग 5 बजे विशेष पूजा-अर्चना और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ मठ के गद्दीनशीन महंत बालकनाथ योगी ने आरती कर मेले का शुभारंभ किया। पूरे मठ परिसर में बाबा मस्तनाथ के जयकारों की गूंज रही। आरती के बाद श्रद्धालुओं के लिए दर्शन की व्यवस्था की गई, और दिनभर आस्था का सिलसिला चलता रहा। शाम को भव्य भजन और आरती का आयोजन हुआ।
मठ परिसर को भव्य तरीके से सजाया
मठ परिसर को फूलों, तोरण द्वारों, झांकियों और रंगीन रोशनी से सजाया गया। समाधि मंदिर सुगंधित पुष्पों और दीपमालाओं से अलंकृत था। नागा साधु और नाथ संप्रदाय के संत-महंतों की उपस्थिति ने कार्यक्रम को विशेष बनाया। जूना अखाड़ा के आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी अवधेशानंद गिरी, उपआचार्य बाबा कपिल पुरी सहित कई संत-महंतों ने समाधि मंदिर में दर्शन किए। पूर्व सांसद सुनीता दुग्गल, विधायक ओम प्रकाश यादव और पुलिस महानिदेशक सागर प्रीत हुड्डा ने भी पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद लिया।
महंत बालकनाथ योगी ने बताया कि मेला केवल धार्मिक परंपरा नहीं, बल्कि सेवा और सामाजिक एकता का प्रतीक है। तीनों दिन विशाल भंडारे, पेयजल, चिकित्सा और सुरक्षा की पूरी व्यवस्था की गई है। श्रद्धालुओं से अनुशासन बनाए रखने और सक्रिय भागीदारी की अपील की गई।

