Tribune
PT
Subscribe To Print Edition About the Dainik Tribune Code Of Ethics Advertise with us Classifieds Download App
search-icon-img
Advertisement

सोनीपत के गांव नांदनौर में ‘तेंदुए’ ने किया किसान पर हमला, गांवों में दहशत

गर्दन, छाती व हाथ-पैर पर आई चोटें, अस्पताल में भर्ती । वन विभाग ने शुरू किया सर्च अभियान

  • fb
  • twitter
  • whatsapp
  • whatsapp
featured-img featured-img
सोनीपत के गांव नांदनौर में घटनास्थल पर तेंदुए के हमले के बारे में किसानों से जानकारी लेते वन विभाग के अधिकारी। -हप्र
Advertisement

गांव नांदनौर में यमुना किनारे गन्ने के खेत में काम करने गए एक बुजुर्ग किसान पर तेंदुए जैसे जानवर ने अचानक हमले से हड़कंप मच गया। सुबह खेत में सफाई कर रहे किसान पर झपटे जंगली जानवर ने गर्दन, छाती और हाथ-पैर पर वार किए, जिससे वह घायल हो गए। घायल किसान को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया, जबकि घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत फैल गई है। वन विभाग ने तेंदुए की तलाश में अभियान तेज कर दिया है और इसके लिए पिंजरा लगाया गया।

गांव नांदनौर निवासी धर्मपाल (60) मंगलवार सुबह करीब सात बजे यमुना के साथ अपने गन्ने के खेत में गए थे। वह खेत में सफाई करने लगे तो इसी दौरान एक तेंदुए जैसे जानवर ने उन पर हमला कर दिया। हमला इतना अचानक था कि उन्हें संभलने का मौका तक नहीं मिला। परिजनों ने बताया कि जानवर ने धर्मपाल की गर्दन, छाती, हाथ और पैरों पर हमला कर उन्हें घायल कर दिया। घायल अवस्था में उन्होंने शोर मचाया, जिसे सुनकर आसपास के ग्रामीण व परिजन मौके पर पहुंचे। लोगों को आता देख तेंदुआ भाग निकला।

Advertisement

घटना की सूचना मिलते ही मुरथल थाना प्रभारी राजीव व वन विभाग और वाइल्ड लाइफ टीम मौके पर पहुंची। संयुक्त टीम ने इलाके में सर्च अभियान शुरू कर दिया है। शाम तक तेंदुआ नहीं मिलने के बाद पिंजरे लगा दिए गए हैं। वन विभाग के अधिकारी नरेश ने मौके से तेंदुए के पंजों जैसे निशान मिलने की पुष्टि की है। इसके आधार पर आसपास के क्षेत्रों और यमुना किनारे तक करीब 25 सदस्यीय टीम ने तलाशी अभियान चलाया गया, लेकिन देर शाम तक तेंदुए का कोई सुराग नहीं लग सका।

Advertisement

तेंदुए को पकडऩे के लिए वन विभाग ने पिंजरे लगाए हैं और विशेषज्ञों की टीम को भी मौके पर तैनात किया गया है। वन विभाग ने क्षेत्र में मुनादी करा दी है। ग्रामीणों को सलाह दी है कि वह सुबह-शाम अकेले खेतों में न जाएं और समूह में ही निकलें। लोगों को सतर्क किया गया है। तेंदुआ होने के अंदेशे के चलते लोगों में भय का माहौल है। हमले में घायल किसान धर्मपाल का गांव शाहपुर के पास स्थित भगवान दास अस्पताल में इलाज जारी है और डॉक्टर की निगरानी में उनकी हालत पर नजर रखी जा रही है।

कोट...

गांव नांदनौर के खेत में किसान पर जानवर ने हमला किया है। यमुना किनारे जंगली जानवर के पैरों के निशान मिले है। निशान की लंबाई से लग रहा है कि वह तेंदुए के पैरों के निशान है। रेत व पेड़ के नीचे जानवर के पैरों के निशान मिले है। यमुना क्षेत्र में पिंजरा लगाकर उसे पकडऩे की कोशिश की जा रही है।

-नरेश, रेंज अधिकारी, वन विभाग

Advertisement
×