प्राकृतिक खेती की मुहिम को आगे बढ़ाएगी लेक्चरर एसोसिएशन
गुजरात के राज्यपाल आचार्य देवव्रत 21 को देंगे प्रशिक्षण
प्राकृतिक खेती की मुहिम को आगे बढ़ाने के लिए स्कूल कैडर लेक्चरर एसोसिशन (सलाह) ने प्रयास शुरू किए हैं। एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड के चेयरमैन प्रो. पवन कुमार से मिलकर इस मुहिम में अपना सहयोग देने का निर्णय लिया है।
सलाह के राज्य प्रधान अशोक शर्मा ने बोर्ड परिसर में बैठक के दौरान कहा कि 21 अप्रैल को प्राकृतिक खेती के अग्रदूत गुजरात के राज्यपाल आचार्य देवव्रत स्कूल शिक्षा बोर्ड में शिक्षकों, किसानों सहित समाज के अन्य लोगों को प्राकृतिक खेती का प्रशिक्षण देंगे, जिसमें सलाह भी बढ़-चढ़कर भाग लेगी।
राज्य प्रधान अशोक शर्मा ने कहा कि स्कूलोंं में सरकार किचन गार्डनिंग करवाती है, जरूरी है कि बच्चों को परोसे जाने वाला भोजन जहर मुक्त हो और इसके लिए किचन गार्डनिंग के पौधे भी जहर मुक्त हों। इसके लिए इस प्रशिक्षण में वे न केवल खुद आएंगे बल्कि राज्य सरकार से मांग है कि हर स्कूल से दो अध्यापकों की विशेष ड्यूटी भी लगाई जाए ताकि भविष्य में स्कूल में होने वाली किचन गार्डनिंग जहर मुक्त हो। इस मौके पर वर्किंग राज्य प्रधान अजय मलिक ने कहा कि आज देशभर में रसायनिक खेती की जा रही है, जोकि स्वास्थ्य पर विपरीत प्रभाव डाल रही हैै। जहर मुक्त खेती का कक्षावार विषय विभाग प्राथमिक स्तर से ही शुरू करवाएं, ताकि बच्चे शुरुआती शिक्षा में ही इसे ग्रहण करें और देश व प्रदेश रसायनिक खेती से बचें। इस अवसर पर राज्य सचिव अनिल सैनी, उप-प्रधान राजबीर, खजांची भूपेन्द्र मलिक, सचिव संदीप फौगाट सहित विकास वशिष्ठ, योगेश भारद्वाज व विकास देशवाल सहित अनेक सदस्य मौजूद थे।

