1 मार्च को कुरुक्षेत्र में एलसीएलओ मनाएंगे बेरंग काली होली
हरियाणा में अपनी मांगों को लेकर आंदोलनरत लोकल कमेटी लोकल ऑपरेटर्स (एलसीएलओ) ने सरकार के खिलाफ संघर्ष तेज करने का ऐलान किया है। सीआईटीयू से संबंधित एलसीएलओ यूनियन और सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा ने संयुक्त रूप से निर्णय लिया है...
हरियाणा में अपनी मांगों को लेकर आंदोलनरत लोकल कमेटी लोकल ऑपरेटर्स (एलसीएलओ) ने सरकार के खिलाफ संघर्ष तेज करने का ऐलान किया है। सीआईटीयू से संबंधित एलसीएलओ यूनियन और सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा ने संयुक्त रूप से निर्णय लिया है कि 1 मार्च को कुरुक्षेत्र स्थित लघु सचिवालय के सामने धरना स्थल पर बेरंग काली होली मनाई जाएगी।
यूनियन नेताओं का कहना है कि यह कदम सरकार की वादाखिलाफी और कर्मचारियों की मांगों के प्रति उदासीन रवैये के विरोध में उठाया गया है।
भिवानी जिला प्रधान आनंद दीक्षित ने बताया कि कुरुक्षेत्र में एलसीएलओ का धरना पिछले 156 दिनों से लगातार जारी है। उन्होंने कहा कि कड़ाके की ठंड और विपरीत परिस्थितियों के बावजूद सरकार ने अब तक कर्मचारियों की मांगों पर कोई सकारात्मक कदम नहीं उठाया है। इससे कर्मचारियों में गहरा रोष व्याप्त है।
यूनियन ने भर्ती प्रक्रिया में कथित विसंगतियों को लेकर भी सरकार को घेरा। नेताओं का कहना है कि दो कठिन परीक्षाएं उत्तीर्ण करने और एक हजार रुपये शुल्क जमा कराने के बावजूद योग्य अभ्यर्थियों को न्याय नहीं मिला। जिस विज्ञापन में एलसीएलओ का उल्लेख तक नहीं था, उसमें बिना निश्चित वेतन के नियुक्तियां करना कर्मचारियों के अधिकारों का हनन है। यूनियन ने इसे कर्मचारियों के साथ छल करार दिया।
एलसीएलओ के राज्य उपप्रधान प्रवीण ने कहा कि इससे पहले भी धरना स्थल पर काली दिवाली मनाई गई थी और अब कर्मचारियों को बेरंग होली मनाने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि यह प्रतीकात्मक विरोध सरकार को स्पष्ट संदेश देगा कि जब तक न्याय नहीं मिलेगा, आंदोलन जारी रहेगा।
राज्य उपप्रधान ने प्रदेशभर के एलसीएलओ कर्मियों से 1 मार्च को बड़ी संख्या में कुरुक्षेत्र पहुंचने की अपील की। बैठक में आनंद दीक्षित, कीर्ति, रोहित धानिया, रामफल सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे और आंदोलन को और तेज करने का संकल्प लिया।

