कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह के नेतृत्व में बुधवार को कांग्रेस नेताओं के एक प्रतिनिधिमंडल ने गेहूं और सरसों की सरकारी खरीद का जायजा लेने के लिए सोनीपत क्षेत्र की मंडियों का दौरा किया। इस दौरान नेताओं ने अनाज के ढ़ेरियों के बीच खड़े होकर किसानों की समस्याएं सुनीं। सोनीपत की नयी अनाज मंडी में कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि वर्तमान भाजपा सरकार पूरी तरह से किसान विरोधी है। सरकार की नीयत में खोट है, जिसके कारण मंडियों में न तो समय पर फसल की खरीद हो रही है और न ही उठान की कोई सुचारू व्यवस्था है। किसानों ने नेताओं को बताया कि कई दिनों से उनकी फसल खुले में पड़ी है। बेमौसम बारिश के कारण गेहूं की गुणवत्ता प्रभावित हो रही है और नमी बढऩे से किसानों को फसल बेचने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। किसानों ने रोष व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें पोर्टल, बायोमेट्रिक और ओटीपी के तकनीकी झमेलों में उलझा दिया गया है। राव नरेंद्र सिंह ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने तुरंत खरीद और उठान व्यवस्था में सुधार नहीं किया, तो कांग्रेस पूरे प्रदेश में जन आंदोलन शुरू करेगी और मंडियों में बैठकर सरकार को मजबूर करेगी। इस अवसर पर शहरी जिलाध्यक्ष कमल दिवान, ग्रामीण जिलाध्यक्ष संजीव दहिया, पूर्व सांसद धर्मपाल मलिक, पूर्व विधायक जगबीर मलिक, पूर्व विधायक सुरेंद्र पंवार, पूर्व विधायक सुखबीर फरमाना मौजूद रहे। क्रॉस वोटिंग करने वालों पर होगी कड़ी कार्रवाई : राव नरेंद्र सिंह ने राज्यसभा चुनाव में क्रॉस वोटिंग करने वाले पार्टी विधायकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के संकेत दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि पार्टी अनुशासन से कोई समझौता नहीं किया जाएगा और दोषी विधायकों पर सख्त निर्णय लिया जाएगा। बुधवार को सोनीपत में पत्रकारों से बातचीत में कहा कि प्रदेश कांग्रेस की अनुशासन समिति के चेयरमैन धर्मपाल मलिक ने अपनी जांच रिपोर्ट उन्हें सौंप दी है। यह रिपोर्ट प्रदेश प्रभारी को भेज दी गई है, जिसके आधार पर अब कांग्रेस आलाकमान अंतिम फैसला करेगा। जिन विधायकों ने पार्टी लाइन से हटकर मतदान किया, उन्होंने जनता के विश्वास के साथ गद्दारी की है। अगर उन्होंने अपनी अंतरात्मा की आवाज पर वोट दिया है तो उन्हें नैतिक आधार पर तुरंत इस्तीफा दे देना चाहिए, जनता ने उन्हें कांग्रेस के टिकट पर चुनकर विधानसभा में भेजा था।
Advertisement
सोनीपत अनाज मंडी का निरीक्षण करते कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह। साथ हैं शहरी व ग्रामीण जिलाध्यक्ष तथा पूर्व विधायक।-हप्र
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement
×

